Shahjahanpur: चार मासूम बच्चों की बेरहमी से हत्या कर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या की

"चार बच्चों की हत्या कर फंदे से झूला निर्दयी बाप"

Update: 2025-03-28 05:32 GMT

शाहजहांपुर: जिले से दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। रोजा थाना क्षेत्र के मानपुर चकरी गोटिया गांव में एक व्यक्ति ने अपने चार मासूम बच्चों की बेरहमी से हत्या कर खुद फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।

पत्नी से विवाद के बाद उठाया खौफनाक कदम

मानपुर चकरी गांव निवासी राजीव कठेरिया (36) अपनी पत्नी कांति देवी और चार बच्चों—स्मृति (12), कीर्ति (10), प्रगति (7) और ऋषभ (5) के साथ रहता था। बताया जा रहा है कि बुधवार को राजीव का पत्नी कांति देवी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था, जिसके बाद कांति देवी नाराज होकर करतोली स्थित अपने मायके चली गईं। घर में उस समय सिर्फ राजीव और उसके चार बच्चे ही थे। पत्नी के जाने के बाद राजीव ने खौफनाक कदम उठाया-पहले चारों बच्चों की गला रेतकर हत्या कर दी और फिर खुद साड़ी का फंदा बनाकर कुंडे से झूल गया।

पिता ने देखा खौफनाक मंजर

गुरुवार सुबह राजीव के पिता पृथ्वीराज ने जब अपने पोते को चाय पीने के लिए बुलाया तो घर के अंदर से कोई आवाज नहीं आई। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने खिड़की से झांककर देखा। अंदर का दृश्य देखकर उनकी चीख निकल गई। चारों बच्चों के गले धारदार हथियार से रेते गए थे और राजीव का शव फंदे से झूल रहा था।

ग्रामीणों की भीड़ और पुलिस की तफ्तीश

पृथ्वीराज की चीख सुनकर आसपास के ग्रामीण जुट गए और घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही एसपी राजेश द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्रित किए।

हर पहलू की हो रही जांच

पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए हर कोण से जांच कर रही है। अब तक की जांच में घरेलू विवाद की वजह से यह कदम उठाने की बात सामने आ रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि घटना के पीछे की असल वजह सामने आ सके।

Tags:    

Similar News