शाहजहांपुर: मदनापुर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वह अपनी नवजात बेटी को देखने बिजनौर से घर लौट रहे थे। पत्नी ने हादसे से एक दिन पहले ही तीसरी संतान को जन्म दिया था।
बिनौरा गांव निवासी अमरपाल यादव उर्फ भूरे (30) पुत्र दाताराम बिजनौर में ठेकेदारी करते थे। बुधवार देर रात वह बिजनौर से बस द्वारा कटरा पहुंचे। वहां से कोई सवारी न मिलने पर उन्होंने अपने एक सहकर्मी ठेकेदार से मोटरसाइकिल ली और घर के लिए रवाना हो गए।
मदनापुर रोड पर रजपुरा गांव के पास तेज रफ्तार डीसीएम ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में अमरपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि अमरपाल की पत्नी संतरा देवी ने हादसे से एक दिन पहले मदनापुर सीएचसी में तीसरी संतान, एक बेटी, को जन्म दिया था। अमरपाल अपनी नवजात बेटी को देखने के लिए ही बिजनौर से घर लौट रहे थे।
परिवार में नौ वर्षीय बेटा अंशुल और छह वर्षीय बेटी शगुन हैं। तीसरी नवजात बच्ची का जन्म बुधवार को हुआ था। अमरपाल के बड़े भाई अशोक की पहले ही बीमारी से मृत्यु हो चुकी है। अब परिवार में बुजुर्ग माता-पिता दाताराम और रामलड़ैती ही बचे हैं, जिनकी देखभाल अमरपाल ही करते थे।
मदनापुर थाना प्रभारी विश्वजीत प्रताप सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।