बहराइच। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को बहराइच जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह महसी विधानसभा क्षेत्र के बेड़नापुर स्थित रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे और जिले को करीब 350 करोड़ रुपये की 70 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास मुख्यमंत्री के हाथों किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीकॉप्टर दोपहर 1.55 बजे बेड़नापुर स्थित हेलीपैड पर पहुंचेगा। इसके बाद वह करीब दो बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री यहां महसी और नानपारा विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी विभिन्न विकास योजनाओं का शुभारंभ करेंगे। जनसभा के बाद मुख्यमंत्री करीब तीन बजे श्रावस्ती जिले के इकौना स्थित सीताद्वार मंदिर के लिए रवाना हो जाएंगे।
सीएम के दौरे को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए हैं। कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी चार अपर पुलिस अधीक्षक, 10 क्षेत्राधिकारी, 40 निरीक्षक, 250 उपनिरीक्षक और करीब 1000 पुलिसकर्मियों को सौंपी गई है। इसके अलावा इंटेलिजेंस विभाग, दमकल विभाग और यातायात पुलिस के जवान भी तैनात रहेंगे।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सोमवार को पूरे दिन प्रशासनिक अधिकारियों का कार्यक्रम स्थल पर निरीक्षण जारी रहा। देवीपाटन मंडल की कमिश्नर दुर्गा शक्ति नागपाल, पुलिस उपमहानिरीक्षक देवीपाटन मंडल अशोक कुमार, जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव और मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
बारिश के बावजूद अधिकारियों ने तैयारियों में कोई कमी नहीं छोड़ी। लगातार हुई मूसलाधार बारिश के कारण कार्यक्रम स्थल के दोनों ओर जलभराव की स्थिति बन गई थी। प्रशासन ने पंपिंग सेट लगाकर पानी निकालने का काम कराया और प्रभावित हिस्सों में मिट्टी डालकर व्यवस्था को दुरुस्त किया गया। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर आने वाले लोगों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी जरूरी इंतजाम किए।
महसी विधायक सुरेश्वर सिंह भी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से बातचीत कर तैयारियों की जानकारी ली। विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री की जनसभा में करीब 30 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसके लिए लगभग 12 हजार कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। लोगों के बैठने, आने-जाने और सुरक्षा को लेकर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह भी शामिल होंगे। वह दोपहर 12.15 बजे लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन पहुंचेंगे। इसके बाद करीब 1.50 बजे मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल बेड़नापुर रामलीला मैदान पहुंचेंगे।
प्रशासन का कहना है कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। यातायात व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा और जनसभा स्थल की निगरानी के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं।
बहराइच में होने वाला यह कार्यक्रम जिले के विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 350 करोड़ रुपये की 70 परियोजनाओं के शुरू होने से क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।