Sambhal: पुलिस ने भाजपा नेता गुलफाम सिंह यादव हत्याकांड का खुलासा किया

"6 आरोपी गिरफ्तार"

Update: 2025-03-26 04:33 GMT

संभल: जिले के थाना जुनावई क्षेत्र में भाजपा नेता गुलफाम सिंह यादव (Gulfam Singh Yadav) की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस हत्याकांड में ब्लॉक प्रमुखी को लेकर चल रही रंजिश को मुख्य कारण बताया गया है। पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता महेश यादव समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

ब्लॉक प्रमुखी विवाद बना हत्या की वजह

पुलिस के अनुसार, महेश यादव और गुलफाम सिंह यादव के बीच ब्लॉक प्रमुखी को लेकर रंजिश चल रही थी। महेश यादव ने अपने बेटे के खिलाफ लाए जा रहे अविश्वास प्रस्ताव को विफल करने के लिए गुलफाम सिंह को रास्ते से हटाने की साजिश रची। इसके लिए उसने 19 नवंबर 2024 को बरेली जेल में बंद अपराधी धर्मवीर उर्फ धम्मा से मुलाकात की। महेश ने धर्मवीर की जमानत और अपील का पूरा खर्च उठाने का वादा किया और बदले में गुलफाम सिंह की हत्या करने के लिए कहा।

₹35,000 में जमानत और ट्रैक्टर छुड़वाया

महेश यादव ने धर्मवीर की जमानत के लिए ₹35,000 खर्च किए और जेल से छूटने के बाद उसका ट्रैक्टर भी एक लाख रुपये देकर छुड़वाया। हत्या को सामान्य मौत दिखाने के लिए विशेष केमिकल युक्त इंजेक्शन का इस्तेमाल करने की योजना बनाई गई। हत्या से पहले आरोपियों ने गुलफाम सिंह की दिनचर्या की रेकी की और सही मौके की तलाश में लगे रहे।

हत्या की साजिश और घटनाक्रम

9 मार्च 2025 को महेश यादव ने मुकेश यादव, नेमपाल और धर्मवीर को अपने बंद पड़े मकान पर बुलाकर अंतिम योजना तैयार की। हत्या में इस्तेमाल किया गया जहरीला इंजेक्शन नेमपाल ने रामनिवास उर्फ नारद से प्राप्त किया था, जो इस तरह की दवाइयों की आपूर्ति करता था।

घटना के दिन धर्मवीर पहले से ही मौके पर मौजूद था, जबकि मुकेश और नेमपाल बाइक से पहुंचे। महेश यादव कुछ दूरी से पूरी घटना पर नजर रख रहा था। योजनानुसार, धर्मवीर और नेमपाल ने गुलफाम सिंह को घेरकर जहरीला इंजेक्शन लगा दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद तीनों आरोपी बाइक से फरार हो गए।

पुलिस जांच और गिरफ्तारी

संभल की एएसपी अनुकृति शर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस डेटा और मुखबिरों की सूचना के आधार पर जांच तेज की। 25 मार्च 2025 को रात में पुलिस ने हरिबाबा इंटर कॉलेज, जुनावई के पास से महेश यादव और उसके सहयोगी सुधीर उर्फ पप्पू यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में महेश यादव ने स्वीकार किया कि उसने ब्लॉक प्रमुखी विवाद के चलते हत्या की साजिश रची थी।

गिरफ्तार आरोपी और पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों-मुकेश यादव, रामनिवास उर्फ नारद, विकास कुमार और सुधीर यादव को भी गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि इस हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News