साहिबाबाद: इंदिरापुरम के शक्ति खंड चार स्थित कैलाश मानसरोवर भवन से तीर्थ यात्रियों का शुक्रवार को दूसरा जत्था रवाना हुआ। दूसरे जत्थे में 40 तीर्थ यात्री शामिल रहे। हर हर महादेव की गूंज के साथ सभी श्रद्धालु बस से रवाना हुए।

इससे पूर्व कैलाश मानसरोवर भवन के प्रबंधक दिनेश गर्ग व उप्र राज्य पर्यटन निगम के अभियंता संजय चौरसिया ने सभी तीर्थ यात्रियों को सनातनी परंपरा के अनुसार चंदन का टीका लगाया और शुभकामनाएं देते हुए सभी की धार्मिक यात्रा मंगलमय होने की कामना की। इससे पहले बीती शाम इंदिरापुरम स्थित कैलाश मानसरोवर जाने वाले तीर्थ यात्रियों के लिए पर्यटन विभाग की ओर से भवन में भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें भगवान शिव के भजनों को सुनकर सभी भक्त शिवमय होकर भक्ति रस में जमकर झूमे। इसके बाद सभी तीर्थ यात्रियों को किट प्रदान की गई।

Tags: