Sahibabad: तेज बारिश ने मंडी में मचाई तबाही, 10 टन आलू-प्याज भीगकर खराब हुए
"बारिश से मंडी में भीगे दस टन आलू-प्याज"
साहिबाबाद: नवीन फल सब्जी मंडी में बुधवार रात आई तेज बारिश और आंधी की वजह से साहिबाबाद सब्जी मंडी में करीब दस टन आलू और प्याज भीग गए। व्यापारियों का कहना है कि यदि शुक्रवार तक वह इन्हें नहीं बेच पाए तो उन्हें बड़ा नुकसान होगा। बुधवार को आंधी-बारिश के बाद बृहस्पतिवार को मंडी में सब्जियां और फल खरीदने के लिए कम संख्या में ग्राहक पहुंचे, इस वजह से व्यापारियों की चिंता और बढ़ गई है।
व्यापारी शादाब ने बताया कि बुधवार रात आई तेज बारिश और आंधी से सब्जी का भारी नुकसान झेलना पड़ा। मंडी में दुकान के बाहर रखी सब्जियां भीग गई। उन्होंने बताया सब्जी के ऊपर रखा तिरपाल भी उड़ गया। बृहस्पतिवार सुबह बहुत कम संख्या में खरीदार मंडी पहुंचे। इस कारण सब्जियों के खराब होने का डर बना हुआ है। बारिश में गिली हुई सब्जियों मों बृहस्पतिवार को आधे दामों में व्यापारियों ने बेचा। व्यापारी पूरन ने बताया कि बुधवार रात आई आंधी से बारिश में बाहर रखी करीब पांच टन प्याज और आलू भीग गए। अगर जल्दी नहीं बेचे गए तो खराब हो जाएंगे। इससे करीब चार पांच लाख रुपये का नुकसान हो जाएगा। उन्होंने कहा कि सब्जी को सुरक्षित करने के लिए टिन शेड लगाया था, जिसे अतिक्रमण बताते हुए तोड़ दिया गया था। इसी कारण सब्जियों को तिरपाल से ढका गया था, लेकिन वह भी आंधी में उड़ गयी, इस कारण नुकसान हुआ। उन्होंने बताया कि इस बारिश से बहुत सब्जी, फल का नुकसान हुआ है। आने वाले से दाम बढ़ने का संभावना है।