ग़ाज़ियाबाद में RSS और रालोद कार्यकर्ताओं का विवाद तूल पकड़ा

बड़ी खबर

Update: 2022-12-27 10:07 GMT
गाजियाबाद। राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ के पद संचलन में हुए विवाद ने अब बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। संघ कार्यकर्ताओं के खिलाफ धारा 307 का मुकदमा दर्ज होने पर भड़के लोनी के भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए है। गाज़ियाबाद में कल राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ का पद संचलन निकाला गया था। वहां पद संचलन के बीच से एक बाइक निकालने को लेकर कुछ युवकों में विवाद हुआ था। जिसके बाद संघ कार्यकर्ता थाना कविनगर में इकट्ठा हो गए थे और कुछ युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया था। मुकदमें में आरोप लगाया गया था कि पद संचलन में उन्होंने गणवेशधारी स्वंयसेवकों को पीटा है और दो युवकों को उठाकर ले गए थे, उन्हें बंधक बना लिया गया था जिन्हें पुलिस की मदद से मुक्त कराया गया था।
पुलिस ने यह मुकदमा दर्ज कर लिया था। जिसके बाद दूसरे पक्ष के समर्थक व रालोद के नेता बीडी त्यागी के नेतृत्व में सैकड़ों रालोद कार्यकर्ता भी थाने में पहुंचे और पुलिस पर एक पक्षीय कार्रवाई करने का आरोप लगाया। जिसके बाद पुलिस ने रालोद समर्थकों की तरफ से संघ कार्यकर्ताओं के खिलाफ धारा 307 का मुकदमा दर्ज कर दिया। जिसको लेकर राजनीति गरमा गई है। लोनी के भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर ने गाजियाबाद पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए है. उन्होंने कहा कि पुलिस बेलगाम और तानाशाह हो गई है और पुलिस अब यह मान रही कि गरीब आदमी की सुनवाई करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि संघ के कार्यकर्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने को लेकर आलाकमान से भी बात की जाएगी और इस संबंध में सख्त कार्रवाई कराई जाएगी।
Tags:    

Similar News