गाड़ियों के काफिले संग कार्यालय पहुंचे रोहित मिश्रा, शुरू किया नया कार्यकाल

Update: 2026-07-12 15:49 GMT

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा ने रविवार को लखनऊ स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचकर अपना पदभार संभाल लिया। इस दौरान उनका जोरदार स्वागत किया गया। रोहित मिश्रा बड़ी संख्या में वाहनों के काफिले के साथ कार्यालय पहुंचे, जहां निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष प्रांशु दत्त द्विवेदी ने उन्हें संगठन की जिम्मेदारी सौंपी।

रोहित मिश्रा के पदभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ उनका स्वागत किया। बताया गया कि रोहित मिश्रा 1090 चौराहे से बड़े काफिले के साथ रोड शो करते हुए प्रदेश कार्यालय पहुंचे। इस दौरान लोहिया पथ पर वाहनों की अधिक संख्या के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ।

प्रदेश कार्यालय पहुंचने के बाद निवर्तमान अध्यक्ष प्रांशु दत्त द्विवेदी ने रोहित मिश्रा को पटका पहनाकर नई जिम्मेदारी सौंपी। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान उत्साह का माहौल देखने को मिला।

रोहित मिश्रा खुली कार में सवार होकर कार्यालय पहुंचे। स्वागत के दौरान क्रेन की मदद से उन्हें फूलों की बड़ी माला पहनाई गई। कार्यकर्ताओं ने उन्हें भगवान राम की मूर्ति, रामचरितमानस, गदा, तलवार और फरसा भेंट किया। रोहित मिश्रा ने इस दौरान तलवार और गदा भी लहराई।

पदभार संभालने के बाद रोहित मिश्रा ने संगठन को मजबूत करने और युवाओं को भाजपा से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा पार्टी की रीढ़ है और आने वाले समय में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए लगातार काम किया जाएगा।

कार्यक्रम में भाजपा के कई पदाधिकारी और युवा मोर्चा के कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त अध्यक्ष को शुभकामनाएं दीं और संगठन को नई दिशा देने की उम्मीद जताई।

हालांकि, इस कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक चर्चा भी शुरू हो गई। बड़े काफिले और वाहनों की संख्या को लेकर सवाल उठे। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समय-समय पर ईंधन बचाने और संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल का संदेश देते रहे हैं। वहीं, हाल के दिनों में कई भाजपा नेताओं ने अपने काफिले को सीमित करने की पहल भी की थी।

रोहित मिश्रा के अध्यक्ष बनने के बाद भाजयुमो की आगामी रणनीति पर भी नजर रहेगी। पार्टी युवा मतदाताओं तक पहुंच बढ़ाने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। ऐसे में युवा मोर्चा अध्यक्ष की भूमिका काफी अहम मानी जा रही है।

भाजपा नेतृत्व को उम्मीद है कि रोहित मिश्रा के नेतृत्व में युवा मोर्चा प्रदेश में नई ऊर्जा के साथ काम करेगा और पार्टी की नीतियों को युवाओं तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Tags:    

Similar News