Road Accident : हेलमेट लगाए होने के बाद भी दो बाइकों की भिड़ंत में दोनों के चालकों की मृत्यु हो गई। हादसा अलापुर थाना क्षेत्र के म्याऊं-उसहैत मार्ग पर हुआ। हादसे के बाद दोनों बाइक सवार अपनी अपनी बाइक के नीचे दब गए। दोनों की मृत्यु उनके सिर में चोट लगने से ही बताई जा रही है।
हादसे के बाद दोनों के हेलमेट उनके शव के पास पड़े मिले। सूचना मिलने के बाद से दोनों के स्वजन में चीत्कार मचा हुआ है। हादसे में जान गवांने वाला एक उसहैत नगर पंचायत में इलेक्ट्रीशियन के पद पर तैनात था। शनिवार को वह अपनी बहन के घर दावत में शामिल होने जा रहे थे।
वहीं आलापुर थाना क्षेत्र के गांव यादव नगर निवासी भी किसी काम से म्याऊं की तरफ आ रहे थे। जब शाकिर की बाइक म्याऊं-उसहैत मार्ग पर ढका पुलिया के पास पहुंची कि तभी सामने से आ रही भगवान सिंह की बाइक से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के समय दोनों ने हेलमेट पहन रखे थे।
बाइकों के टकराने के बाद दोनों बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। दोनों अपनी अपनी बाइक के नीचे दब गए। हादसा होते देख आसपास के ग्रामीण एकत्र हो गए। सूचना देकर पुलिस को बुलाया गया। म्याऊं चौकी पुलिस दोनों को गंभीर हालत में सीएचसी म्याऊं ले गई। जहां चिकित्सक ने देखते ही दोनों को मृत घोषित कर दिया।
Tags: