RAMPUR रामपुर: समाजवादी पार्टी की युवा सांसद इकरा हसन ने शुक्रवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आजम खान से रामपुर में मुलाकात की। मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में इकरा हसन ने साफ किया कि यह भेंट पूरी तरह “पारिवारिक” थी और इसमें किसी भी तरह की राजनीतिक चर्चा नहीं हुई।
इकरा हसन ने कहा, “हम हमारे परिवार के बड़े सदस्य हैं आजम खान, उनसे मुलाकात के लिए यहां आए थे। सियासी कुछ नहीं, यह केवल पारिवारिक मुलाकात थी। हम उनकी तबीयत जानने और सेहत के बारे में पूछने आए थे।”
सूत्रों के मुताबिक, आजम खान की तबीयत बीते कुछ समय से ठीक नहीं चल रही है, और पार्टी के कई नेता हाल के दिनों में उनका हालचाल जानने पहुंचे हैं। इकरा हसन की इस मुलाकात को लेकर सियासी गलियारों में चर्चाएं जरूर तेज हुईं, लेकिन उन्होंने सभी अटकलों को सिरे से नकार दिया।
आजम खान समाजवादी पार्टी के वरिष्ठतम नेताओं में गिने जाते हैं और लंबे समय तक मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव के करीबी रहे हैं। रामपुर से कई बार विधायक और सांसद रह चुके आजम खान पर विभिन्न मामलों में कानूनी कार्रवाई भी चल रही है, जिसके बाद से वे सार्वजनिक जीवन से कुछ हद तक दूर हैं।
इकरा हसन, जो कैराना से सपा की सांसद हैं, ने हाल के महीनों में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से लगातार मुलाकातें की हैं। उनके इस कदम को पार्टी में एकता और पुराने रिश्तों को फिर से मजबूत करने के प्रयास के रूप में भी देखा जा रहा है, हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बार की मुलाकात का कोई राजनीतिक एजेंडा नहीं था।