रामपुर: जजेस रोड पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में ट्रक ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।

जानकारी के मुताबिक, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गंगापुर आवास विकास कॉलोनी निवासी 24 वर्षीय विशाल सैनी एक होटल में इलेक्ट्रिशियन के पद पर कार्यरत था। रविवार सुबह करीब 9 बजे वह अपनी ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर लौट रहा था। जजेस रोड पर तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी जान चली गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। अस्पताल पहुंचने पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

बताया जा रहा है कि विशाल पांच बहन-भाइयों में तीसरे नंबर पर था। घर में उसकी मौत से मातम छा गया है और पूरे इलाके में शोक की लहर है। पुलिस ने ट्रक और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है और हादसे की जांच जारी है।

Tags: