Training के दौरान सुरक्षा चूक पर उठे सवाल

इलाज जारी है।

Update: 2026-06-28 13:19 GMT

Kanpur कानपुर :   नाइट फ्लाइंग प्रशिक्षण के दौरान एक बड़ा हादसा सामने आया है, जिसमें एक महिला प्रशिक्षु पायलट गंभीर रूप से घायल हो गई। यह घटना तब हुई जब विमान के इंजन पूरी तरह बंद हुए बिना ही वह विमान से उतर गई और चलते हुए प्रोपेलर की चपेट में आ गई। हादसे में प्रशिक्षु की पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

यह घटना 26 जून की रात चकेरी स्थित कानपुर एयरपोर्ट पर हुई, जहां गर्ग एविएशन फ्लाइंग ट्रेनिंग ऑर्गेनाइजेशन (FTO) का ट्विन इंजन विमान Tecnam P2006T (VT-NBV) नाइट इंस्ट्रक्शनल फ्लाइंग मिशन पर था। विमान में एक फ्लाइट इंस्ट्रक्टर और प्रशिक्षु पायलट मौजूद थे।जानकारी के अनुसार, विमान सुरक्षित रूप से रनवे पर उतर चुका था, लेकिन दोनों इंजन अभी भी चालू थे और प्रोपेलर घूम रहे थे। इसी दौरान प्रशिक्षु पायलट ने सुरक्षा प्रक्रिया का पालन किए बिना विमान से बाहर निकलने का प्रयास किया, जिससे वह घूमते हुए प्रोपेलर की चपेट में आ गई।

घटना के बाद एयरपोर्ट पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायल प्रशिक्षु को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।घटना को गंभीरता से लेते हुए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने जांच शुरू कर दी है। DGCA ने संबंधित फ्लाइट इंस्ट्रक्टर को जांच पूरी होने तक फ्लाइंग ट्रेनिंग ड्यूटी से हटा दिया है। साथ ही, इस विमान के संचालन पर भी अस्थायी रोक लगा दी गई है।

एयरपोर्ट अधिकारियों ने फिलहाल इस मामले पर विस्तृत टिप्पणी करने से इनकार किया है। हालांकि विमानन विशेषज्ञों का कहना है कि मानक सुरक्षा नियमों के अनुसार किसी भी विमान से तब तक बाहर नहीं निकलना चाहिए जब तक इंजन पूरी तरह बंद न हो जाएं और प्रोपेलर पूरी तरह रुक न जाए।प्रारंभिक जांच में यह मामला सुरक्षा प्रोटोकॉल के उल्लंघन और प्रशिक्षण प्रक्रिया में गंभीर लापरवाही की ओर संकेत करता है। DGCA ने कहा है कि विस्तृत जांच रिपोर्ट के बाद जिम्मेदारी तय की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल इस घटना ने फ्लाइंग ट्रेनिंग सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और विमानन प्रशिक्षण संस्थानों में सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।

Tags:    

Similar News