कुशीनगर: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मछली पकड़ने नहर पर गए 16 वर्षीय किशोर पर अजगर ने अचानक हमला कर दिया। अजगर ने किशोर के शरीर को इस तरह जकड़ लिया कि वह खुद को छुड़ाने के लिए लगातार संघर्ष करता रहा, लेकिन उसकी पकड़ और कसती गई। बाद में ग्रामीणों ने किसी तरह किशोर को अजगर के चंगुल से छुड़ाया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। मृतक किशोर की पहचान रामकोला क्षेत्र के बड़वाछापर निवासी 16 वर्षीय किशन के रूप में हुई है। गुरुवार को किशन नहर में मछली पकड़ने गया था। नहर की पटरी के आसपास घनी झाड़ियां और नरकट मौजूद थे। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे अजगर ने उस पर अचानक हमला कर दिया।
ग्रामीणों के मुताबिक अजगर ने कुछ ही पलों में किशन के शरीर को लपेट लिया। किशोर ने खुद को छुड़ाने के लिए पूरी ताकत लगाई और मदद के लिए चीखता रहा, लेकिन अजगर की पकड़ लगातार मजबूत होती चली गई। सुनसान इलाके में उसकी चीख सुनकर कुछ राहगीरों का ध्यान उस तरफ गया। राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और डंडों की मदद से अजगर को हटाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद किशन को उसके चंगुल से छुड़ाया गया। तब तक वह बेहोश हो चुका था। अजगर झाड़ियों की ओर भाग गया।
घटना की सूचना मिलने पर किशन के पिता अनिरुद्ध मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत रामकोला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। बाद में मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने किशन को मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव में भी घटना को लेकर दहशत फैल गई। नहर और आसपास के इलाके में आने-जाने वाले लोगों में डर का माहौल है।
वन विभाग को भी घटना की जानकारी दी गई। डीएफओ वरुण सिंह के मुताबिक वन विभाग की टीम मौके पर भेजी गई है और अजगर की तलाश में कॉम्बिंग की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार अजगर पाइथन प्रजाति का बताया जा रहा है, जो अपने शिकार को शरीर से लपेटकर दबाने के लिए जाना जाता है। वन विभाग की टीम आसपास की झाड़ियों और नहर किनारे के क्षेत्रों में लगातार तलाश कर रही है, ताकि अजगर को सुरक्षित तरीके से पकड़ा जा सके और भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।
ग्रामीणों से भी अपील की गई है कि वे घनी झाड़ियों, नहर किनारे और सुनसान इलाकों में जाते समय सावधानी बरतें। खासकर बच्चों और किशोरों को अकेले ऐसे स्थानों पर न भेजने की सलाह दी जा रही है। किशन की मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। मछली पकड़ने गया किशोर कुछ ही पलों में अजगर के हमले का शिकार हो गया और ग्रामीणों की कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। घटना के बाद अब वन विभाग की टीम अजगर को पकड़ने और आसपास के इलाके में खतरा टालने के लिए कार्रवाई कर रही है।
Tags: