Maharaja अग्रसेन चौक पर हुआ कार्यक्रम, समाज की एकजुटता पर दिया गया जोर

Update: 2026-07-12 12:51 GMT

Saharanpur सहारनपुर :  अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन के तत्वावधान में सहारनपुर रेलवे स्टेशन स्थित युग प्रवर्तक महाराजा अग्रसेन चौक पर धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महाराजा अग्रसेन जी की पूजा-अर्चना कर समाज के सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की गई। इस दौरान समाज के पदाधिकारियों ने महाराजा अग्रसेन के सिद्धांतों पर चलने और जरूरतमंदों की सहायता के लिए हमेशा आगे रहने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहारनपुर के डिप्टी मेयर मयंक गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि महाराजा अग्रसेन जी के विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। उन्होंने कहा कि समाज में किसी भी व्यक्ति पर दुख या संकट आने पर सबसे पहले उसके साथ खड़ा होना ही महाराजा अग्रसेन के सिद्धांतों का वास्तविक पालन है। सभी लोगों को आपसी सहयोग और भाईचारे की भावना के साथ एक-दूसरे का सहारा बनना चाहिए।

प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दिनेश गुप्ता ने कहा कि हाल के दिनों में वैश्य समाज से जुड़ी कई घटनाओं ने समाज को चिंतित किया है। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में सभी लोगों को एकजुट होकर मजबूती से खड़ा होना होगा। उन्होंने समाज के लोगों से अपील की कि वे जहां भी रहें, मिलजुलकर रहें और किसी भी परेशानी के समय एक-दूसरे की मदद के लिए आगे आएं।

जिलाध्यक्ष अनिल आर्य गर्ग ने कहा कि अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन समाज के प्रत्येक परिवार के साथ खड़ा है। संगठन का उद्देश्य जिले के हर क्षेत्र तक पहुंच बनाना और समाज के लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनना है। उन्होंने कहा कि संगठन को और मजबूत करते हुए अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम का संचालन महानगर अध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने किया। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों और सिद्धांतों को अपनाकर ही समाज का विकास संभव है। उन्होंने समाज के लोगों से एकजुटता बनाए रखने और सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

महिला विंग की महानगर अध्यक्ष अलका गुप्ता ने कहा कि नई पीढ़ी को अपने इतिहास और महापुरुषों के योगदान से परिचित कराना जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में अपने बच्चों को भी साथ लेकर आएं, ताकि उन्हें अपनी संस्कृति और परंपराओं की जानकारी मिल सके और वे भविष्य में समाज व देश के विकास में योगदान दे सकें।

इस अवसर पर संगठन के नवनियुक्त जिला महामंत्री शरद अग्रवाल, जिला महामंत्री सुशील गुप्ता और सरसावा नगर अध्यक्ष दीपक गुप्ता का पगड़ी एवं अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष राकेश गुप्ता, संरक्षक बृजमोहन सिंघल, कोषाध्यक्ष प्रीतम गोयल, एडवोकेट अमित गुप्ता, मुकेश गुप्ता, पदम गर्ग, नवीन गर्ग, नेहा कंसल, प्रतिमा गुप्ता, अनुपम गर्ग, विमल गुप्ता समेत बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी पदाधिकारियों ने समाज की एकता, सहयोग और सेवा भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

Tags:    

Similar News