Brahmin प्रतिनिधित्व को लेकर सपा पर दबाव, मुरादाबाद में हुई बड़ी जनसभा

Update: 2026-07-18 15:15 GMT

Moradabad मुरादाबाद :  उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच मुरादाबाद की राजनीति में जातीय समीकरणों को लेकर हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडेय की मौजूदगी में आयोजित ब्राह्मण जनसभा में मुरादाबाद शहर विधानसभा सीट से ब्राह्मण प्रत्याशी उतारने की मांग जोरशोर से उठाई गई। जनसभा में ब्राह्मण समाज के लोगों ने पार्टी नेतृत्व से समाज को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने की अपील की।

रविवार को मुरादाबाद पहुंचे सपा सांसद सनातन पांडेय और सांसद रुचि वीरा की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग, सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव में ब्राह्मण समाज की भागीदारी बढ़ाने और समाज की राजनीतिक हिस्सेदारी सुनिश्चित करने की बात रखी।

ब्राह्मण सभा के जिलाध्यक्ष रजत शर्मा ने सांसद रुचि वीरा और सनातन पांडेय को मांगपत्र सौंपा। इसमें समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक समाज की भावनाएं पहुंचाने का आग्रह किया गया। मांगपत्र में कहा गया कि मुरादाबाद शहर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 60 हजार ब्राह्मण मतदाता हैं, लेकिन लंबे समय से इस समाज को विधानसभा स्तर पर उचित राजनीतिक प्रतिनिधित्व नहीं मिल पाया है।

मांगपत्र के माध्यम से मांग की गई कि समाजवादी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में मुरादाबाद शहर सीट से ब्राह्मण समाज के किसी योग्य, सक्रिय और मजबूत उम्मीदवार को मौका दे। ब्राह्मण सभा की ओर से तर्क दिया गया कि यदि पार्टी समाज की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रत्याशी का चयन करती है तो इसका सकारात्मक संदेश जाएगा और संगठन को मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि राजनीतिक दलों को सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की जरूरत है। उन्होंने ब्राह्मण समाज की समस्याओं और राजनीतिक भागीदारी के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। जनसभा में आगामी चुनाव को देखते हुए संगठन को मजबूत करने और समाज के बीच लगातार संपर्क बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।

सपा सांसद सनातन पांडेय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सामाजिक एकता और संगठन की मजबूती पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने की नीति पर काम करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए जनसंपर्क अभियान को और तेज करने की अपील की।

वहीं सांसद रुचि वीरा ने भी समाज के लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद किया। उन्होंने संगठन की नीतियों को जनता तक पहुंचाने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की बात कही। कार्यक्रम में सपा जिलाध्यक्ष जयवीर यादव सहित कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

जनसभा में नवीन शर्मा, नरेश शर्मा, इंग्लेश शर्मा, गोल्डी शर्मा, मुदित उपाध्याय, वासु शर्मा, विपिन शर्मा, मोहित दुबे, अभिषेक शर्मा सहित कई ब्राह्मण नेता और समाज के गणमान्य लोग शामिल हुए।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि चुनाव से पहले मुरादाबाद शहर सीट पर ब्राह्मण प्रत्याशी की मांग स्थानीय राजनीति में नए समीकरणों की ओर इशारा कर रही है। अब सबकी नजर समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पर है कि वह इस मांग को कितना महत्व देता है और आगामी चुनाव में उम्मीदवार चयन के दौरान सामाजिक समीकरणों को किस तरह साधता है।

Tags:    

Similar News