मिर्जापुर। बेटी की शादी के लिए पिता ने अपनी जमा-पूंजी लगा दी, यहां तक कि खेत भी गिरवी रख दिया, लेकिन बारात आने से महज चार दिन पहले दूल्हे के लापता होने की सूचना ने पूरे परिवार को संकट में डाल दिया। मामला विंध्याचल थाना क्षेत्र के बरी पाठक गांव का है।
जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र कुमार बिंद की पुत्री आरती देवी की शादी प्रयागराज जनपद के मांडा थाना क्षेत्र के खपरखोचवा निवासी लालचंद बिंद के पुत्र लवकुश से तय हुई थी। 22 नवंबर 2026 को बारात आनी थी। लड़की पक्ष का आरोप है कि तिलक में दो लाख रुपये देने के बावजूद शादी से ठीक पहले लड़के पक्ष ने उन्हें मुसीबत में छोड़ दिया।
पीड़ित पिता के मुताबिक, 18 नवंबर को लड़के के पिता ने पहले शादी की तैयारियां चलने की बात कही, लेकिन कुछ देर बाद फोन कर बेटे के लापता होने की सूचना दे दी। परिजनों का आरोप है कि लवकुश पहले कई बार उनके घर आ चुका था और आरती से बातचीत भी करता था। बाद में उसका व्यवहार बदल गया। वह कथित तौर पर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और सोने की सिकड़ी की मांग करता था।
पिता का कहना है कि रिश्तेदारों को निमंत्रण दिया जा चुका था और शादी की लगभग सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। ऐसे में ऐन मौके पर दूल्हे के लापता होने की सूचना देकर लड़की पक्ष को सामाजिक और आर्थिक संकट में डाल दिया गया।
अब पीड़ित परिवार प्रशासन से न्याय की गुहार लगा रहा है। पिता ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।
Tags: