Prayagraj: पूर्वोत्तर रेलवे में 24 फरवरी तक चलीं 2845 महाकुंभ स्पेशल ट्रेनें
"हर 25 मिनट पर चलाई गई एक स्पेशल"
प्रयागराज: महाकुंभ 2025 के दौरान 10 जनवरी से 24 फरवरी तक पूर्वोत्तर रेलवे पर 2,845 महाकुंभ स्पेशल ट्रेनें चलाई गईं। ट्रेनों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त संख्या में रैक और कोच की व्यवस्था की गई। इन रेलगाड़ियों में दोनों तरफ इंजन लगे होते थे, जिससे इंजन को पीछे करने में लगने वाला समय बच जाता था। इसके चलते प्रयागराज रामबाग और झूंसी से हर 25 मिनट पर एक स्पेशल ट्रेन चलाई गई।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह के अनुसार महाकुंभ मेले के दौरान 24 फरवरी तक कुल 21,100 तीर्थयात्रियों को प्राथमिक उपचार एवं चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। गंभीर रूप से बीमार 98 मरीजों को स्थानीय अस्पतालों में भेजा गया। कुल 2,70,856 वर्ग फुट स्थायी/अस्थायी यात्री धारण क्षेत्र का निर्माण किया गया है, जिसमें से 5,000 वर्ग फुट यात्री धारण क्षेत्र का निर्माण गोरखपुर जंक्शन पर किया गया है। रेलवे ने शुरू में महाकुंभ के दौरान लगभग 13,500 ट्रेनें चलाने की योजना बनाई थी।