Saharanpur सहारनपुर : दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद घटना की भयावहता और साफ हो गई है। फुटेज में हलगोया कट के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो द्वारा पीछे से कार को टक्कर मारते हुए पूरी घटना कैद हुई है। इस हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी।
सीसीटीवी में देखा जा सकता है कि एक्सप्रेसवे पर सामान्य गति से चल रही कार को पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर सड़क पर बिखर गई और उसके परखच्चे उड़ गए। वहीं टक्कर के बाद स्कॉर्पियो भी नियंत्रण खो बैठी और कुछ दूरी पर जाकर पलट गई।हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद वाहन चालकों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा और घायलों को निकालने का प्रयास किया, लेकिन कार सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और यातायात को सामान्य कराया। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।स्थानीय लोगों के अनुसार, इस एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही लगातार रहती है, जिससे हादसों की आशंका बनी रहती है। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।