Muzaffarnagar मुजफ्फरनगर :   थाना छपार क्षेत्र के गांव सिमर्थी निवासी एक महिला ने अपने परिवार और ग्रामीणों के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय पहुंचकर संपत्ति विवाद से जुड़ी गंभीर शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने आरोप लगाया है कि उसके भाई की मौत के बाद एक व्यक्ति ने उसके वृद्ध पिता को अपने प्रभाव में लेकर कृषि भूमि का कथित रूप से फर्जी बैनामा करा लिया। इतना ही नहीं, अब दिवंगत भाई के तीन मासूम बच्चों की संपत्ति पर भी कब्जा करने की साजिश की जा रही है।

पीड़िता रेखा देवी पत्नी लाखन सिंह निवासी गांव सिमर्थी ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसके भाई नरेश पुत्र वेद सिंह की छह जून 2026 को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। महिला का आरोप है कि भाई की मौत के बाद बिना पोस्टमार्टम कराए जल्दबाजी में अंतिम संस्कार कर दिया गया, जिससे परिवार के मन में कई सवाल खड़े हो गए हैं।

शिकायत में रेखा देवी ने आरोप लगाया कि मनोज नामक व्यक्ति ने उनके वृद्ध पिता वेद सिंह को अपने प्रभाव में ले लिया है और उन्हें परिवार से अलग कर दिया है। महिला का कहना है कि आरोपी ने इसी स्थिति का फायदा उठाते हुए 23 अप्रैल 2024 को गांव लालपुर भोकरहेड़ी स्थित कृषि भूमि का बैनामा अपनी पत्नी पूनम त्यागी के नाम करा लिया। पीड़िता ने इस बैनामे को धोखाधड़ी और छलपूर्वक कराया गया बताया है।

रेखा देवी का आरोप है कि जमीन के इस लेनदेन में उनके पिता की वास्तविक सहमति नहीं थी और उन्हें बहला-फुसलाकर दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करा लिए गए। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कराकर बैनामे की सत्यता सामने लाने की मांग की है।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी की नजर अब उनके दिवंगत भाई नरेश के नाम दर्ज पुरकाजी क्षेत्र स्थित मकान पर भी है। उन्होंने कहा कि उस मकान पर नरेश के तीन बच्चों का कानूनी अधिकार है। महिला को आशंका है कि आरोपी बच्चों के अधिकारों को प्रभावित करते हुए संपत्ति पर कब्जा करने का प्रयास कर सकता है।

एसएसपी कार्यालय पहुंचे पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। ग्रामीणों ने अधिकारियों से अपील की कि वृद्ध वेद सिंह को सुरक्षित उनके परिवार के संपर्क में लाया जाए और उनकी स्थिति की भी जांच की जाए। साथ ही विवादित संपत्तियों पर किसी भी तरह के अवैध हस्तांतरण या कब्जे की कोशिश को रोकने की मांग की गई।

परिवार ने आरोप लगाया कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो दिवंगत नरेश के बच्चों की संपत्ति खतरे में पड़ सकती है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और पूरे मामले की गहन जांच की मांग की है।

फिलहाल पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू करने का आश्वासन दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Tags: