मकान का लिंटर गिरने से मचा हड़कंप चार लोग मलबे में दबे
अचानक गिरा मकान का लिंटर मैनपुरी में टला बड़ा हादसा
मैनपुरी : उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां एक पुराने मकान के कमरे का लिंटर अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय घर में मौजूद चार लोग मलबे में दब गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना मैनपुरी शहर के मुहल्ला छपट्टी की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे अचानक मकान के एक कमरे की छत का लिंटर गिर गया। तेज आवाज सुनकर परिवार के लोग घबरा गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। मलबे में मकान मालिक अरुण कुमार सक्सेना, उनकी पत्नी प्रतिभा, देवरानी सुमन और भाई सतेंद्र दब गए थे। हादसे के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस ने चलाया रेस्क्यू अभियान
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटाया और सभी चारों लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। अधिकारियों के अनुसार, सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है। हादसे की सूचना मिलने के बाद एएसपी ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
बारिश के बाद कमजोर हुआ था लिंटर
बताया जा रहा है कि मकान काफी पुराना था। बारिश के बाद पिछले कुछ दिनों से तेज धूप निकलने के कारण कमरे का लिंटर कमजोर होकर चटक गया था। इसी वजह से अचानक छत का हिस्सा गिर गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुराने और जर्जर मकानों में रहने वाले परिवारों को ऐसे हादसों का खतरा बना रहता है। प्रशासन से समय-समय पर जर्जर भवनों की जांच कराने की मांग भी की जाती रही है।
परिवार में मची अफरा-तफरी
लिंटर गिरने की घटना के बाद परिवार में डर का माहौल बन गया। अचानक हुए हादसे से परिजन घबरा गए। आसपास के लोगों ने तुरंत मदद कर घायलों को बाहर निकालने में पुलिस का सहयोग किया। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की ओर से मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। हादसे के कारणों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।