'One tree मां के नाम’ अभियान को गति, प्रभारी मंत्री ने गंगा एक्सप्रेस-वे किनारे लगाया पौधा
Bulandshahr बुलंदशहर : प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान “एक पेड़ माँ के नाम” के तहत आयोजित वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 में रविवार को बुलंदशहर जनपद में बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया गया। शासन द्वारा जिले को दिए गए 46 लाख 70 हजार 400 पौधे लगाने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए विभिन्न विभागों ने चिन्हित स्थानों पर व्यापक स्तर पर पौधे रोपे।
जनपद का मुख्य कार्यक्रम स्याना तहसील क्षेत्र के गांव बाहपुर में गंगा एक्सप्रेस-वे के समीप आयोजित किया गया। यहां प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री सुरेंद्र दिलेर ने पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, ग्रामीण और स्कूली छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
कार्यक्रम में छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को पेड़-पौधों के महत्व और पर्यावरण बचाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों ने पौधों की सुरक्षा और संरक्षण का संकल्प भी लिया।
प्रभारी मंत्री सुरेंद्र दिलेर ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करना जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से जुड़कर पौधे लगाएं और उनकी नियमित देखभाल भी करें, ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में बड़े वृक्ष बनकर समाज को लाभ पहुंचा सकें।
उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी सुरक्षा और संरक्षण की जिम्मेदारी निभाना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। हर व्यक्ति यदि अपने जीवन में एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनाने का संकल्प ले तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव आ सकता है।
वृक्षारोपण अभियान के तहत जिले में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए जा रहे हैं। इनमें शीशम, नीम, पीपल, अर्जुन, जामुन, आम, सहजन और सागौन सहित कई उपयोगी और पर्यावरण के अनुकूल प्रजातियां शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि पौधारोपण के लिए स्थानों का चयन पहले ही कर लिया गया था और सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
कार्यक्रम में सांसद डॉ. भोला सिंह, विधायक देवेंद्र सिंह लोधी, विधायक लक्ष्मी राज सिंह, जिलाधिकारी कुमार हर्ष, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी निशा ग्रेवाल सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने कहा कि जिले में पौधारोपण अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाया जा रहा है। ग्रामीणों, विद्यार्थियों और सामाजिक संगठनों को भी अभियान से जोड़ा गया है, ताकि पर्यावरण संरक्षण का संदेश हर व्यक्ति तक पहुंच सके।
वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के माध्यम से बुलंदशहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने, जल संरक्षण को मजबूत करने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण तैयार करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। प्रशासन ने सभी विभागों को लगाए गए पौधों की नियमित निगरानी और संरक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।