इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में जमीन विवाद को लेकर एक महिला की पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि डेढ़ बीघा जमीन पर कब्जा करने पहुंचे एक व्यक्ति ने अपने परिवार और साथियों के साथ मिलकर महिला पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।

मामला इकदिल थाना क्षेत्र के हिरनपुर गांव का है। घटना के बाद पुलिस ने मृतका के बेटे की तहरीर पर सात नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार, हिरनपुर निवासी अंशु कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वर्ष 2009 में उनकी मां रानी देवी ने गांव के ही नंद किशोर से करीब 0.2620 हेक्टेयर यानी डेढ़ बीघा जमीन का इकरारनामा 50 हजार रुपये देकर कराया था। इसके बाद परिवार ने जमीन पर मकान और बाउंड्री बनाकर कब्जा कर लिया था।

आरोप है कि जमीन का विवाद पहले से चला आ रहा था। नंद किशोर पर आरोप है कि वह अपने परिवार और अन्य साथियों के साथ जमीन पर कब्जा करने की नीयत से शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे मौके पर पहुंचा। उसके साथ हाइड्रा मशीन, डंडे और फावड़े भी थे।

पीड़ित परिवार के अनुसार, आरोपितों ने बाउंड्री का गेट तोड़कर जबरन अंदर प्रवेश किया। विरोध करने पर उन्होंने रानी देवी और उनके पति कुंजीलाल के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि भूपेंद्र नाम के व्यक्ति ने रानी देवी के सीने और कान पर डंडों से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

परिजन आनन-फानन में घायल रानी देवी को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के तीन बेटियां निशा, खुशबू और दिया तथा दो बेटे अंशु और अभिषेक हैं। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतका के पति कुंजीलाल ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान उन्होंने पुलिस को कई बार फोन करने का प्रयास किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। उन्होंने आरोप लगाया कि समय पर मदद मिलती तो शायद उनकी पत्नी की जान बच सकती थी।

घटना की सूचना मिलते ही सीओ सिटी और इकदिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। शनिवार को पुलिस ने पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद मृतका के बेटे अंशु कुमार की तहरीर पर नंद किशोर, उसके बेटे, भाई भूपेंद्र, भूरे उर्फ शेरा, राहुल, नंद किशोर की बहन, टाइगर उर्फ अभिषेक उर्फ डल्लू सिंह समेत दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपितों पर हत्या, बलवा, मारपीट, घर में घुसकर हमला और धमकी देने जैसी धाराओं में कार्रवाई की गई है।

बताया जा रहा है कि नामजद आरोपी नंद किशोर करीब डेढ़ माह पहले ही अपनी पत्नी की हत्या के मामले में जेल से बाहर आया था। अब उस पर एक अन्य हत्या के मामले में आरोप लगा है।

इकदिल थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।

शनिवार शाम को रानी देवी का अंतिम संस्कार कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच किया गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Tags: