घर पर सो रहे बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या

Update: 2023-09-26 08:20 GMT
ओरछी। थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के एक गांव में घर का दरवाजा खोलकर सो रहे दिव्यांग बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उनके सीने और पैर में गोली मारी गई। एसएसपी डॉ. ओपी सिंह, सीओ बिसौली पवन कुमार ने मौका मुआयना किया। फारेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। मृतक के भतीजे ने गांव के चार लोगों पर पुरानी रंजिश के चलते हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने चारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। गांव में सन्नाटा पसर गया।
गांव किशनपुर निवासी रक्षपाल यादव (65) पुत्र हरिलाल चार भाई थे। वह अपने भाइयों में दूसरे नंबर के थे। उनके नाम पर चार बीघा जमीन थी। शादी नहीं हुई थी। वह एक पैर से दिव्यांग थे। रविवार की रात रक्षपाल यादव अपने घर कर दरवाजा खोलकर चारपाई पर सो रहे थे। रात लगभग एक बजे किसी ने उन्हें दो गोली मारकर हत्या कर दी। थाना फैजगंज बेहटा के थानाध्यक्ष सिद्धांत शर्मा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों को सूचना दी। एसएसपी घटनास्थल पर पहुंचे और परिजन व ग्रामीणों से जानकारी की। मृतक के भतीजे जितेंद्र यादव ने तहरीर दी। जिसमें उन्होंने बताया कि गांव में रहने वाले बाबूराम पुत्र विद्याराम से दो साल से उनकी रंजिश चल रही है।
बाबूराम और उनका परिवार कई बार मारपीट कर चुका है। 15 दिन पहले भी गांव में हुए कार्यक्रम मे बाबूराम और उनके परिजनों ने रक्षपाल यादव से मारपीट की थी। आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश के चलते बाबूराम, उनके भाई कपूरी सिंह, नन्हें और विनेश पुत्र दरियाब सिंह ने गोली मारकर हत्या की है। गोली की आवाज सुनकर जितेंद्र यादव के पिता महेंद्र सिंह जाग गए। उन्होंने हमलावरों को ललकारा। हमलावरों को पकड़ने की कोशिश की लेकिन वह चारों अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। मौके पर रक्षपाल यादव का शव पड़ा था। चारपाई के नीचे खून था। साथ ही कारतूस के खाली खोखे थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
Tags:    

Similar News