Noida: महिला ने उठाया आत्मघाती कदम, पति समेत ससुराल वालों पर केस दर्ज
महिला की आत्महत्या से हड़कंप, पति और सास-ससुर पर मुकदमा दर्ज
नोएडा: थाना दनकौर क्षेत्र के मंडी श्याम नगर में रहने वाली एक महिला का शव मंगलवार की देर रात को उसके घर पर पंखे के फंदे से लटका हुआ मिला। इस मामले में महिला के परिजनों ने उसके पति, सास, ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा बुधवार की सुबह को थाना दनकौर में दर्ज करवाया है। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना दनकौर के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि वर्षा (20) पत्नी जतिन कुमार मंडी श्याम नगर के संस्कार काॅलोनी में रहती थी। उनकी कुछ दिन पूर्व शादी हुई थी। उन्होंने बताया कि मंगलवार की देर रात को उनका शव उनकी ससुराल में पंखे के फंदे से लटका हुआ मिला। ससुराल वालों ने पुलिस को सूचना दी कि उन्होंने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर लिया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया ।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला है की मृतका ने इसी साल अप्रैल माह में जतिन से प्रेम विवाह किया था। उसके पति जतिन ने पुलिस को बताया कि वह रक्षाबंधन पर मायके जा रही थी। घर से वह काफी बड़ा बैग लेकर निकली ताे उसने पूछा कि इतना बड़ा बैग लेकर जाने की क्या जरूरत है। इसी बात को लेकर विवाद हुआ था।
उन्होंने बताया कि आज सुबह मृतका के मायके वालों ने उसके पति जतिन कुमार, ससुर सोनू और सास को नामित करते हुए थाने में दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज करवाया है। उनका आरोप है की शादी के समय से ही मृतका के ससुराल पक्ष के लोग उसका उत्पीड़न कर रहे थे। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।