Noida: कैलाश हॉस्पिटल को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस अलर्ट

Update: 2025-06-17 08:56 GMT
Noida नोएडा : सेक्टर 71 स्थित कैलाश अस्पताल को एक धमकी भरा मेल मिला है, जिसमें अस्पताल को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई है। यह मेल मिलने के बाद अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया और उन्होंने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। वहीं पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए FIR दर्ज कर लिया है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…
पुलिस ने दर्ज की FIR, जांच शुरू
आपको बता दें कि अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. राजेश पाराशर की ओर से फेज-3 कोतवाली में तहरीर दी गई, जिसके आधार पर FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एहतियात के तौर पर सुरक्षा जांच भी शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल को इसकी जांच सौंपी गई है। टीम मेल की लोकेशन ट्रेस करने और उसके पीछे के व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश कर रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मेल किसी शरारती तत्व द्वारा भेजा गया है या वास्तव में कोई गंभीर खतरा है।
मेल का इतिहास खंगाल रही है पुलिस
पुलिस टीम ने मेल भेजने वाले के IP एड्रेस, मेल सर्वर और इस्तेमाल की गई भाषा जैसी सभी तकनीकी जानकारियों को इकट्ठा करना शुरू कर दिया है। साथ ही मेल का इतिहास भी खंगाला जा रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि ऐसे मेल पहले भी भेजे गए हैं या नहीं।
पहले भी नोएडा में मिल चुकी हैं धमकियां
यह कोई पहला मौका नहीं है, जब नोएडा के किसी संस्थान को इस तरह की धमकी मिली हो। इससे पहले कई नामी स्कूलों और डीएलएफ मॉल को भी बम से उड़ाने की धमकी वाले मेल मिले थे। जांच के बाद सामने आया कि वे मेल स्कूलों में छुट्टी कराने के मकसद से कुछ शरारती बच्चों या तत्वों ने भेजे थे।
पुलिस का दावा – जल्द होगा खुलासा
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे जल्द ही आरोपी तक पहुंच जाएंगे। अभी तक की जांच में ऐसा लगता है कि यह कोई डर फैलाने की साजिश या मज़ाक हो सकता है, लेकिन पुख्ता जानकारी आरोपी की पहचान के बाद ही सामने आ सकेगी। फिलहाल, पुलिस पूरी सतर्कता और गंभीरता से मामले की जांच कर रही है। अस्पताल प्रशासन ने भी आम लोगों और मरीजों की सुरक्षा के लिए विशेष सावधानियां बरतनी शुरू कर दी हैं।
Tags:    

Similar News