Noida नोएडा : पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) और अन्य राज्यों में मोबाइल टावरों से कीमती उपकरण चुराने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि 9 और 10 अगस्त की देर रात की कार्रवाई के दौरान गिरोह के आठ कथित सदस्यों को गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि ये गिरफ्तारियां नोएडा के सेक्टर 97 में बख्तावरपुर अंडरपास के पास सर्विस रोड के पास, मयूर स्कूल फुट ओवरब्रिज के सामने, एक संक्षिप्त गोलीबारी के बाद हुईं, जिसमें दो संदिग्ध घायल हो गए। पुलिस ने संदिग्धों की पहचान आबिद (45), फारूक (35), फैजान (27), मोहम्मद कैफ (21), मुमताज (26), मोहम्मद मोइन (26), इस्तखार (35) और अयान (20) के रूप में की है। ये सभी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से हैं और इनमें से ज्यादातर ट्रॉनिका सिटी, गाजियाबाद में रहते हैं।
नोएडा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) यमुना प्रसाद ने कहा, "...इनकी गिरफ्तारी से हमने क्षेत्र में दूरसंचार सेवाओं में और व्यवधान को रोक दिया है।" डीसीपी ने आगे कहा, "उनके बाकी साथियों का पता लगाने और चोरी का और सामान बरामद करने के लिए छापेमारी जारी है।" पुलिस के अनुसार, गिरोह हुंडई ऑरा कारों में घूमता था, दिन में मोबाइल टावरों की टोह लेता था और रात में या तड़के वारदातें करता था।