Noida: यूपी पुलिस भर्ती में 3 साल की उम्र छूट को विधायक ने बताया ऐतिहासिक निर्णय
नोएडा: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) और समकक्ष पदों पर होने वाली भर्तियों में 3 वर्ष की आयु सीमा में दी गई छूट को लेकर जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने इसे युवाओं के हित में “ऐतिहासिक कदम” बताया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय हजारों ऐसे युवाओं के लिए एक नई उम्मीद लेकर आया है, जो कोविड-19 के कारण भर्ती प्रक्रियाओं से वंचित रह गए थे।
विधायक धीरेन्द्र सिंह ने हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर यह मांग रखी थी कि महामारी के दौरान भर्ती प्रक्रियाओं में आई बाधा की वजह से कई योग्य अभ्यर्थी आयु सीमा पार कर चुके हैं और उन्हें अवसर से वंचित होना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री योगी ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए 3 वर्ष की अतिरिक्त आयु सीमा में छूट देने का निर्णय लिया, जिसका लाभ सभी श्रेणियों के अभ्यर्थियों को आगामी पुलिस भर्ती में समान रूप से मिलेगा।
इस संबंध में शासनादेश भी जारी कर दिया गया है, जिससे यह स्पष्ट हो गया है कि यह निर्णय भविष्य की सभी पुलिस भर्तियों पर लागू होगा। विधायक धीरेन्द्र सिंह ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सिर्फ एक निर्णय नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य में भरोसे और भागीदारी की जीत है।
उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश सरकार की यह युवा-हितैषी नीति राज्य को आगे ले जाने में निर्णायक साबित होगी और युवाओं की भागीदारी को मजबूती देगी।”