मूक-बधिर गैंगरेप पीड़िता की मौत पर NHRC सख्त, यूपी DGP को भेजा नोटिस

Update: 2025-08-27 15:17 GMT

GAZIYABAD गाज़ियाबाद: राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में मूक-बधिर गैंगरेप पीड़िता की संदिग्ध मौत के मामले में स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने राज्य के पुलिस महानिदेशक और गाजियाबाद के जिलाधिकारी को नोटिस जारी कर दो हफ्तों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। यह घटना 18 अगस्त को लोनी क्षेत्र में हुई थी, जहां दो युवकों ने अकेली जा रही पीड़िता को अगवा कर सुनसान स्थान पर गैंगरेप किया। इलाज के दौरान पीड़िता ने 21 अगस्त को दिल्ली स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ ह्यूमन बिहेवियर एंड एलाइड साइंसेज (आईएचबीएएस) में दम तोड़ दिया।

22 अगस्त को इस घटना की खबरें मीडिया में आने के बाद एनएचआरसी ने इसे गंभीर मानवाधिकार उल्लंघन बताया। आयोग ने पूछा है कि जांच की वर्तमान स्थिति क्या है, क्या पीड़िता के परिवार को कोई सहायता या मुआवजा दिया गया है और प्रशासन ने अब तक क्या कदम उठाए हैं। आयोग ने कहा कि यह घटना न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि समाज की संवेदनशीलता और सुरक्षा तंत्र की कमजोरी को भी उजागर करती है। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एनएचआरसी ने दो सप्ताह में विस्तृत रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है।

Tags:    

Similar News