वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में जाम लगने की समस्या को देखते हुए यातायात व्यवस्था में सुधार करने के लिए नई ट्रैफिक व्यवस्था लागू की जाएगी। यह व्यवस्था 1 जनवरी 2023 से लागू होगी। इस व्यवस्था से ई-रिक्शा पर मनमानी करने वालों पर रोक लगाई जाएगी और इसके तहत शहर को 3 कलर जोन में बांट कर ऑटो और ई-रिक्शा का रूट निर्धारित किया गया है। इन तीनों जोन में अलग-अलग रंग के ऑटो और ई-रिक्शा चलेगें। जिलाधिकारी ने इस योजना को जनवरी में लागू करने के निर्देश दिए है। बता दें कि शहर में 1 जनवरी 2023 से नई यातायात व्यवस्था लागू होगी। इस व्यवस्था के तहत शहर को तीन जोन में बांटा गया है। इसके अलावा कुछ प्रमुख मार्गों पर वन-वे व्यवस्था लागू की गई है। यह जानकारी पुलिस कमिश्नर अशोक मुथा जैन और डीएम एस. राजलिंगम ने संयुक्त रूप से दी है। इस नई व्यवस्था के पालन की जिम्मेदारी थानों की पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, परिवहन विभाग और नगर निगम को सौंपी गई है।
जोन-1 में चलेंगे ओरेंज रंग के ऑटो व ई-रिक्शा
इन तीन जोन में से जोन-1 में ओरेंज कलर के ऑटो और ई-रिक्शा चलेंगे। जोन-1 में रामनगर, सामने घाट, नगवां, मालवीय चौराहा, नरिया, दुर्गाकुंड, चेतमणि चौराहा, रेवड़ी तालाब, भेलूपुर, मंडुवाडीह, लहरतारा और मुड़ैला तिराहा तक के मार्ग शामिल किए गए हैं। इस जोन में ई-रिक्शा रेवड़ी तालाब से भेलूपुर, विजया होते हुए ब्रॉड-वे होटल तक, नरिया से चितईपुर होकर डाफी टोल तक, रथयात्रा से महमूरगंज चौकी होते हुए मंडुवाडीह स्टेशन तक, चेतमणि से जल संस्थान होते हुए खोजवा तक और गांधीनगर कॉलोनी तिराहा से संकटमोचन मंदिर होते हुए रविदास गेट चौराहा तक जाएंगे।