तीन बजे तक मैनपुरी में करीब 44 फीसद मतदान, रामपुर में सपा-भाजपा का आरोप-प्रत्यारोप

बड़ी खबर

Update: 2022-12-05 12:01 GMT
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के रामपुर विधानसभा सीट पर सोमवार को हो रहे उपचुनाव में मतदान की गति बहुत ही धीमी है और अपराह्न तीन बजे तक केवल 26.32 प्रतिशत मतदान हुआ है। वहीं, इस उपचुनाव के दोनों प्रमुख दावेदार भाजपा और समाजवादी पार्टी एक दूसरे पर चुनावी प्रक्रिया में व्यावधान डालने सहित अन्य कई आरोप लगा रहे हैं। चुनाव आयोग के अनुसार, उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा और रामपुर तथा खतौली विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। अपराह्न तीन बजे तक मैनपुरी में करीब 44.13 प्रतिशत, खतौली में करीब 40.20 और रामपुर में लगभग 26.32 फीसद मतदान हुआ है। इन उपचुनावों में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और विपक्षी दलों समाजवादी पार्टी (सपा) एवं राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के गठबंधन के बीच सीधा मुकाबला है। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और कांग्रेस ने इन उपचुनाव में अपने उम्मीदवार नहीं उतारे हैं। सपा ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से पुलिस बल के कथित दुरुपयोग का आरोप लगाया और यह भी कहा कि चुनाव ड्यूटी पर तैनात अधिकारी मतदाताओं को, खासकर रामपुर में, वोट डालने से रोक रहे हैं। उपचुनाव के लिए मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ जो शाम छह बजे तक चलेगा। वोटों की गिनती और परिणामों की घोषणा आगामी आठ दिसंबर को होनी है। सपा ने अनेक स्थानों पर मतदान के दौरान धांधली का आरोप लगाया है। पार्टी ने सिलसिलेवार ट्वीट कर चुनाव आयोग से शिकायत दर्ज कराई है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पुलिस तथा प्रशासन पर मैनपुरी लोकसभा और रामपुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान मतदाताओं को वोट डालने से रोकने का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव आयोग इससे जुड़ी शिकायतों को नजरअंदाज कर रहा है। यादव ने मैनपुरी में संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ''आखिर पुलिस को क्या हिदायत दी गयी है? उनसे कहा गया है कि मैनपुरी में लोगों को मतदान से रोकें। रामपुर में भी प्रशासन लोगों को वोट नहीं डालने दे रहा है। हर हथकंडा अपनाया जा रहा है ताकि लोग वोट डालने के लिये बाहर ही न निकलें। भाजपा को पूरी छूट दी गयी है। वे शराब बांट रहे हैं और सपा को नुकसान पहुंचाने के लिये हर संभव तरीका अपना रहे हैं।'' सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया, ''मैनपुरी के जिलाधिकारी फोन नहीं उठा रहे हैं और उन्होंने अपना फोन किसी चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को थमा दिया है। आखिर कोई अधिकारी ऐसा कैसे कर सकता है? खासकर तब जब चुनाव हो रहा हो।'' उन्होंने कहा, ''चुनाव आयोग को कुछ दिखायी ही नहीं दे रहा है। वह हमारी शिकायतों को नजरअंदाज कर रहा है। वे वही कर रहे हैं जो सरकार ने उनसे कहा है।'' सपा के आरोपों के बारे में सवाल करने पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि सपा के तमाम इल्जाम झूठे हैं और उसे तीनों ही सीटों पर पराजय का सामना करना पड़ेगा। सपा ने मैनपुरी के भोगांव इलाके में भाजपा एजेंटों द्वारा पैसे बांटने का भी आरोप लगाया है और एक वीडियो भी पोस्ट किया है।
Tags:    

Similar News