साहिबाबाद: गंग नहर में जल स्तर घटने से रविवार सुबह पांच घंटे तक प्रताप विहार प्लांट बंद कर दिया गया। इस वजह से इंदिरापुरम और वसुंधरा इलाके में गंगाजल की आपूर्ति प्रभावित हुई। नगर निगम ने पहले से स्टोर किए गए गंगाजल से आपूर्ति की। कई जगहों पर लोगों को कम प्रेशर से गंगाजल आपूर्ति हुई। नोएडा के लिए गंगाजल की आपूर्ति नहीं हो सकी।

सिंचाई के लिए रजवाहों में पानी छोड़े जाने के चलते रविवार सुबह करीब आठ बजे गंगनहर में जल स्तर घट गया। प्रताप विहार स्थित 120 एमएलडी क्षमता वाले प्लांट को मिलने वाला पानी कम हो गया। इसलिए इसके तीन में से एक पंप को बंद करना पड़ा। करीब पांच घंटे पंप बंद रहा। जलस्तर सामान्य होने के बाद प्लांट को शुरू किया गया। सुबह के समय प्लांट बाधित होने के चलते इंदिरापुरम के अभयखंड, न्याय खंड और नीति खंड और वसुंधरा के इलाकों में नगर निगम ने स्टोर किए हुए गंगाजल से आपूर्ति की। कई इलाकों में कम प्रेशर के चलते पर्याप्त गंगाजल नहीं मिला।

Tags: