नमस्ते इंडिया कंपनी के डिस्ट्रीब्यूटर को बदमाशों ने मारी गोली, जांच में जुटी पुलिस
बाइक छीनकर हुए फरार
लखनऊ। लखनऊ के पारा इलाके में बाइक सवार दो बदमाशों ने नमस्ते इंडिया कंपनी के डिस्ट्रीब्यूटर को सिर में गोली मार दी। उसके बाद रुपए से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से डिस्ट्रीब्यूटर की बाइक और अन्य सामान बरामद कर लिए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से बदमाशों को ट्रैक करने में जुटी है। घायल डिस्ट्रीब्यूटर को एरा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
मोहन रोड पर वारदात को दिया अंजाम
डीसीपी दक्षिणी राहुल राज के मुताबिक कुलदीप मिश्रा नमस्ते इंडिया कंपनी में डिस्ट्रीब्यूटर का काम करते हैं। उनके साथ ही आज दोपहर में ये वारदात हुई है। वह मोहान रोड की तरफ से कही पर जा रहे थे। दो बाइक सवार युवकों ने बगल में बाइक लगाकर पहले उन्हें धक्का दिया। उसके बाद उनके सिर पर गोली मार दी और रुपए से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। बदमाशों की तलाश में पुलिस की टीमें लगा दी गई हैं।
मुखबिर के बाद की गई लूट की घटना
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि पीछे से आ रहे दो बाइक सवारों ने पहले युवक को धक्का दिया। उसके बाद उसके सिर पर फायर किया। युवक के कंधे पर बैग लटका हुआ था। जिसे छीन कर फरार हो गए। पुलिस की सूत्रों के मुताबिक इस घटना में मुखबिर या किसी परिचित के शामिल होने की आशंका है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।