Muzaffarnagar: सिंचाई विभाग के 17 पदों की समाप्ति पर कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन

Update: 2025-06-05 04:34 GMT

मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सिंचाई विभाग के 17 संवर्गीय पदों को समाप्त करने के आदेश के विरोध में कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा। सिंचाई विभाग संयुक्त कर्मचारी संघर्ष समिति के बैनर तले महावीर चौक स्थित सिंचाई विभाग परिसर में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।

यूपी राजस्व अधिकारी अरुण त्यागी ने बताया कि 16 मई 2025 को शासनादेश जारी कर सिंचाई विभाग के 17 संवर्गों के पद समाप्त कर दिए गए हैं। इन संवर्गों में राजस्व से जुड़े महत्वपूर्ण पद शामिल हैं, जिनमें वर्षों से भर्ती नहीं की गई है। उन्होंने बताया कि विभाग में 175 नहर चौकी (शीशपाल/सेस पर्यवेक्षक) के पदों पर मात्र 35 कर्मचारी कार्यरत हैं, जिससे एक-एक कर्मचारी को 10 कर्मचारियों का कार्य करना पड़ रहा है।

कर्मचारियों ने बताया कि 20 व 21 मई को काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज किया गया था, और 4 जून को धरना प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सिंचाई मंत्री को ज्ञापन भेजा गया। समिति ने बताया कि उन्हें विभिन्न अन्य संगठनों से समर्थन मिल रहा है।

1 जून को सिंचाई मंत्री के मुजफ्फरनगर आगमन पर, संघर्ष समिति ने उन्हें ज्ञापन सौंपा। मंत्री ने मामले की जानकारी न होने की बात कहकर विभागीय जांच व उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया।

अरुण त्यागी ने चेताया कि यदि शासनादेश वापस नहीं लिया गया तो 20 जून को प्रमुख अभियंता कार्यालय पर प्रदेश स्तरीय धरना प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।

Tags:    

Similar News