शाहजहांपुरः उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में इस्लाम को मानने वाले 29 वर्षीय युवक गुलनाज ने मंगलवार को इस्लाम त्यागकर हिंदू धर्म कबूल कर लिया है. उसने अपना नाम बदलकर गुलनाज से नाम विराट कर लिया है. विश्व हिंदू परिषद के नेता राजेश अवस्थी ने बताया कि शहर के थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के मिश्रीपुर मोहल्ले के रहने वाले युवक गुलनाज ने मंगलवार को हिंदू धर्म स्वीकार कर लिया. उन्होंने बताया कि अब गुलनाज का नया नाम विराट होगा.


पुलिस अधीक्षक ने जानकारी होने से किया इंकार
अवस्थी के मुताबिक, नौजवान को मंगलवार को खिरनी बाग स्थित मंदिर में पहले गंगाजल से नहलाया गया और बाद में उसने मंदिर में हिंदू देवी-देवताओं की पूजा भी की. अवस्थी ने बताया कि जिस वक्त गुलनाज अपना मजहब बदल रहा था, उस वक्त मंदिर के बाहर पुलिस और स्थानीय अभिसूचना इकाई के कर्मचारी भी मौजूद थे. हालांकि इस संबंध में पुलिस अधीक्षक (नगर) संजय कुमार ने पूछे जाने पर बताया कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है और अगर ऐसा है तो जानकारी ली जाएगी.

हमारे पूर्वज पहले हिंदू थेः गुलनाज
वहीं, अपना मजहब बदलने वाले नौजवान ने फोन पर न्यूज एजेंसी भाषा को बताया कि हमने अपनी मर्जी से इस्लाम छोड़कर सनातन धर्म अपनाया है. नौजवान ने यह भी कहा कि हमारे पूर्वज पहले हिंदू थे, बाद में हम लोग मुस्लिम हो गए थे. ऐसे में हम चाहते हैं कि हमें सनातन धर्म के लोग भी स्वीकार करें.'' युवक के परिवार में मां और भाई बहन हैं और वह अभी अविवाहित है. उसके घर वालों से उनकी प्रतिक्रिया जानने के लिए सपंर्क नहीं हो पाया.


Tags: