Gorakhpur गोरखपुर। विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के संस्थापक मुकेश सहनी ने पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव द्वारा राम मंदिर दान चोरी मामले को लेकर संसद के बाहर किए गए विरोध प्रदर्शन का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि यदि राम मंदिर में दान की चोरी हुई है तो इस पर सवाल उठाना कोई अपराध नहीं है, बल्कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
गोरखपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान मुकेश सहनी ने कहा कि यदि किसी धार्मिक स्थल पर चोरी होती है और लोग इसके खिलाफ आवाज उठाते हैं, तो इसमें कुछ भी गलत नहीं है। उन्होंने कहा, "क्या अपने धर्म के लिए लड़ना अपराध है? अगर राम मंदिर के दान में चोरी हुई है तो उस पर सवाल उठाना गलत कैसे हो सकता है? यदि हम ही इसके खिलाफ आवाज नहीं उठाएंगे, तो फिर कौन उठाएगा?"
उन्होंने कहा कि यदि किसी मुद्दे पर सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए आंदोलन, धरना या प्रदर्शन किया जाता है तो उसे गलत नहीं कहा जा सकता। उनका कहना था कि जनता चाहती है कि चोरी करने वालों को सख्त सजा मिले और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो।
मुकेश सहनी ने कहा कि भगवान श्रीराम के दरबार में यदि किसी तरह की चोरी होती है तो यह पूरे समाज के लिए शर्म की बात है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति का अपने धर्म के प्रति कर्तव्य है और धार्मिक आस्था से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने पप्पू यादव के विरोध प्रदर्शन को उचित बताते हुए कहा कि यदि वह कथित अनियमितताओं के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं तो यह अच्छी बात है। फिलहाल मामले को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों की ओर से लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।