Pyavali गांव में मातम, गंग नहर में डूबे बच्चे की तलाश में जुटी रेस्क्यू टीम
Noida नोएडा : उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले के थाना जारचा क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। प्यावली गांव में अपने मामा के घर आए 10 वर्षीय बच्चे की गंग नहर में नहाते समय डूबने से मौत की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। बच्चे की तलाश के लिए पुलिस और एनडीआरएफ की टीम लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली निवासी सुखबीर सिंह का परिवार थाना जारचा क्षेत्र के प्यावली गांव से जुड़ा हुआ है। सुखबीर सिंह का 10 वर्षीय बेटा तनिष्क कुछ दिनों के लिए अपने मामा के घर आया हुआ था। शनिवार को वह गांव के अन्य बच्चों के साथ गंग नहर में नहाने चला गया।
बताया जा रहा है कि नहाते समय तनिष्क को नहर के तेज बहाव का अंदाजा नहीं लग पाया। अचानक पानी की तेज धार की चपेट में आने से वह अपना संतुलन खो बैठा और देखते ही देखते नहर में डूब गया। आसपास मौजूद बच्चों ने घटना की जानकारी परिजनों और ग्रामीणों को दी, जिसके बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना जारचा पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे की तलाश शुरू कराई। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से भी काफी देर तक खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। एनडीआरएफ के जवान आधुनिक उपकरणों और प्रशिक्षित गोताखोरों की मदद से नहर में बच्चे की तलाश कर रहे हैं।
थाना जारचा प्रभारी निरीक्षक कैलाश नाथ ने बताया कि बच्चे की तलाश के लिए पुलिस और एनडीआरएफ की टीम लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने बताया कि नहर के पानी के तेज बहाव के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी परेशानी आ रही है। बच्चे को ढूंढने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, शनिवार देर रात तक बच्चे का पता नहीं चल सका था। प्रशासन की मदद से गंग नहर के पानी को कुछ समय के लिए रुकवाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि पानी का बहाव कम हो और तलाशी अभियान को तेज किया जा सके।
इस हादसे के बाद प्यावली गांव में शोक का माहौल है। परिजन बेसब्री से बच्चे के मिलने का इंतजार कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में नहरों का जलस्तर और बहाव काफी बढ़ जाता है, ऐसे में बच्चों को नहरों और तेज बहाव वाले स्थानों पर जाने से रोकना चाहिए।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में गंग नहर, नदी और अन्य जल स्रोतों में नहाने से बचें। तेज बहाव वाले पानी में थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। फिलहाल एनडीआरएफ और पुलिस की टीमें बच्चे की तलाश में जुटी हुई हैं।