Moradabad: दिल्ली-लखनऊ मार्ग पर दर्दनाक दुर्घटना, तीन की मौत

"भीषण सड़क हादसा"

Update: 2026-03-16 06:39 GMT

मुरादाबाद: दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मुंढापांडे थाना क्षेत्र के मनकारा मोड़ के पास तेज रफ्तार कार ने आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि कार चालक को नींद की झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और सीधे ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहगीर मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे घायलों और मृतकों को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने बाद में सुचारू कराया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया हादसे की वजह चालक को नींद आने से कार का नियंत्रण खोना माना जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।

Tags:    

Similar News