Moradabad: दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर देर रात हुआ भीषण सड़क हादसा

"दो लड़कियों की मौके पर ही मौत"

Update: 2025-04-02 06:28 GMT

मुरादाबाद: दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। जीरो प्वाइंट के निकट एक अनियंत्रित ट्रक ने एक कार को टक्कर मार दी और उसे लगभग 50 मीटर तक घसीटता ले गया। इसी बीच कार में आग लग गई, जिससे उसमें सवार दो लड़कियों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कार चालक समेत दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

नैनीताल घूमने के बाद अपने घर लौट रहे थे कार सवार: पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना देर रात उस समय हुई जब कार सवार चार लोग नैनीताल घूमने के बाद हरियाणा के रोहतक स्थित अपने घर लौट रहे थे।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक की गति अधिक होने के कारण टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें आग लग गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने उन्हें आग से बचाने की कोशिश की, लेकिन दोनों लड़कियों को बचाया नहीं जा सका। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग पर काबू पाने के बाद घायलों को अस्पताल ले जाया गया।

Tags:    

Similar News