गर्ल्स हॉस्टल के बाथरूम में मिला रिकॉर्डिंग करता मोबाइल छात्राओं में हड़कंप
बाथरूम में मिला रिकॉर्डिंग करता मोबाइल
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में गर्ल्स हॉस्टल के बाथरूम में मोबाइल फोन से कथित तौर पर छात्राओं की वीडियो रिकॉर्डिंग किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। बाथरूम के टिन शेड में छिपाकर रखा गया एंड्रॉयड मोबाइल रिकॉर्डिंग मोड में मिला। एक छात्रा की नजर मोबाइल पर पड़ी तो उसने इसकी जानकारी हॉस्टल में रहने वाली दूसरी छात्राओं को दी। मोबाइल की जांच करने पर उसमें बाथरूम के अंदर के कुछ वीडियो मिलने का आरोप है। इसके बाद छात्राओं ने हंगामा करते हुए डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। मामला कैंट थाना क्षेत्र के मोहद्दीपुर स्थित एक गर्ल्स हॉस्टल का है। यहां 20 कमरों में करीब 26 छात्राएं रहती हैं। इनमें शहर के विभिन्न कॉलेजों में पढ़ने वाली छात्राओं के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाली युवतियां भी शामिल हैं।
टिन शेड में छिपा था मोबाइल
घटना आठ सितंबर की रात की बताई जा रही है। हॉस्टल में दो दिन पहले आई एक छात्रा रात में बाथरूम गई थी। इसी दौरान उसकी नजर टिन शेड में फंसे मोबाइल फोन पर पड़ी। मोबाइल का कैमरा चालू था और उसका रुख टॉयलेट की तरफ होने का आरोप है। छात्रा ने पहले अपने मोबाइल से वहां रखे फोन का वीडियो बनाया। इसके बाद उसने दूसरी छात्राओं को बुलाकर इसकी जानकारी दी। छात्राओं ने जब फोन देखा तो उसमें बाथरूम के कुछ वीडियो मिलने की बात सामने आई। छात्राओं का आरोप है कि मोबाइल में पांच से छह लड़कियों के बाथरूम के वीडियो मौजूद थे। मामला सामने आते ही हॉस्टल में हंगामा शुरू हो गया और छात्राओं ने पुलिस को सूचना दे दी।
रात में हॉस्टल पहुंची पुलिस
डायल-112 पर सूचना मिलने के बाद पीआरवी और कैंट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिया और मामले की जांच शुरू कर दी।रिपोर्ट के मुताबिक कुछ छात्राओं ने मोबाइल में मिले वीडियो अपने फोन में भी सुरक्षित कर लिए थे। पुलिस ने संबंधित वीडियो हटवाए। हालांकि कुछ वीडियो के प्रसारित होने की बात भी सामने आई है। पुलिस अब पूरे मामले की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
वार्डेन ने दी ये सफाई
पूछताछ के दौरान महिला वार्डेन ने मोबाइल बाथरूम में रखने की बात स्वीकार करते हुए इसके पीछे अलग वजह बताई। वार्डेन के मुताबिक बाथरूम में सैनिटरी पैड के लिए डस्टबिन रखा गया है लेकिन कुछ छात्राएं इस्तेमाल किए गए पैड इधर-उधर फेंक देती थीं। वार्डेन ने दावा किया कि ऐसा करने वाली छात्राओं का पता लगाने के लिए रात करीब 10 बजे मोबाइल रिकॉर्डिंग मोड में रखा गया था। उन्होंने गलत नीयत से छात्राओं की रिकॉर्डिंग करने से इनकार किया है।
पुलिस ने मोबाइल किया जब्त
कैंट थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह के मुताबिक मोबाइल फोन पुलिस के कब्जे में है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। छात्राओं की शिकायत और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बाथरूम जैसी निजी जगह पर रिकॉर्डिंग का मामला सामने आने से हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं और उनके परिजनों में नाराजगी है। अब पुलिस की जांच से यह स्पष्ट होगा कि मोबाइल में कितनी रिकॉर्डिंग हुई, उन्हें कहीं साझा किया गया या नहीं और इसके लिए जिम्मेदार कौन है।