Lucknow लखनऊ : गोरखपुर स्थित मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के इंजीनियर और मशहूर ड्रोनमैन राहुल सिंह (25) की मंगलवार को राजधानी लखनऊ में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव गोमतीनगर स्थित नोवॉटेल होटल के कमरे में मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में पुलिस को कमरे में कुछ संदिग्ध परिस्थितियां मिली हैं, जिनके आधार पर मामले की गहराई से पड़ताल की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, राहुल सिंह सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे गोमतीनगर स्थित नोवॉटेल होटल पहुंचे थे। उन्होंने होटल में एक कमरा लिया था। मंगलवार सुबह तय समय पर जब वह चेक आउट करने के लिए कमरे से बाहर नहीं आए तो होटल कर्मचारियों को शक हुआ। कर्मचारियों ने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।
इसके बाद होटल प्रबंधन ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। जानकारी मिलते ही विभूतिखंड थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने वीडियोग्राफी कराते हुए कमरे का दरवाजा तोड़ा। अंदर का दृश्य देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। कमरे में राहुल सिंह बेड पर औंधे मुंह मृत अवस्था में पड़े थे। बेड पर ही उल्टी भी पड़ी हुई थी। पुलिस ने तुरंत फोरेंसिक विशेषज्ञों को बुलाया और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए।
एसीपी विभूतिखंड सौम्या पांडेय ने बताया कि राहुल सिंह मूल रूप से महाराजगंज जिले के सिसवा बाजार क्षेत्र के छपरा गांव के रहने वाले थे। वह गोरखपुर स्थित मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में इंजीनियर के रूप में कार्यरत थे और डिजाइन इनोवेशन एंड इंक्यूबेशन सेंटर में रिसर्च से जुड़े हुए थे।
राहुल सिंह अपनी तकनीकी प्रतिभा के कारण देशभर में पहचान बना चुके थे। उन्हें "ड्रोनमैन" के नाम से जाना जाता था। महज 16 साल की उम्र में उन्होंने ऐसा अत्याधुनिक ड्रोन तैयार किया था, जो बाढ़ और भूस्खलन जैसी आपदाओं में फंसे लोगों की मदद कर सकता था। खास बात यह थी कि उन्होंने इस ड्रोन को केवल करीब 80 हजार रुपये की लागत में बनाया था, जबकि बाजार में इसी तरह के ड्रोन की कीमत करीब आठ से नौ लाख रुपये तक बताई जाती थी।
राहुल के इस आविष्कार की काफी सराहना हुई थी। इसके बाद वह युवाओं के लिए प्रेरणा बन गए थे और कई तकनीकी मंचों पर अपने इनोवेशन को प्रदर्शित कर चुके थे।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। इसके अलावा होटल के सीसीटीवी फुटेज, कमरे की जांच और राहुल के संपर्क में रहे लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि राहुल की मौत किसी स्वास्थ्य कारण से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई कर रही है।