मीरजापुर: उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में अहरौरा थाना क्षेत्र में शनिवार भोर पुलिस ने गोवंश तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन से चार गोवंश बरामद किए। वाहन में दो गाय और दो बछड़े लदे थे। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज किया और वाहन सीज कर दिया। वहीं, पिकअप के आगे बाइक से कथित तौर पर रेकी कर रहे दो युवक मौके से फरार हो गए।

इमलिया चट्टी पुलिस चौकी क्षेत्र के भुड़कुड़ा-पौनी बैरियर नहर मार्ग पर जीवनाथपुर पुलिया के पास शनिवार करीब दो बजे चौकी प्रभारी धनुषधारी पांडेय पुलिस टीम के साथ वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान संदिग्ध पिकअप को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें चार गोवंश मिले। पुलिस के अनुसार, चालक की पहचान परमेश्वर गौतम निवासी भोगांव, थाना चील्ह के रूप में हुई। पूछताछ में चालक ने बताया कि गोवंश कछवा थाना क्षेत्र के रूपापुर से लाए जा रहे थे। गांवों के रास्ते बिहार ले जाने की तैयारी थी।

चालक ने पुलिस को यह भी बताया कि पिकअप के आगे पंचलाल यादव निवासी भोगांव और अक्षय कुमार निवासी कड़सरा, कछवा बाइक से चलकर रास्ते की रेकी कर रहे थे। पुलिस की कार्रवाई के दौरान दोनों बाइक सवार भाग निकले। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्र ने बताया कि चालक के खिलाफ गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। बरामद गोवंश को सुरक्षित स्थान पर भेजने की प्रक्रिया भी की गई है।

Tags: