Meerut's का सनसनीखेज हत्याकांड, पति को मारने के लिए पत्नी ने चुना जहरीला तरीका

Update: 2026-07-18 13:51 GMT

Meerut मेरठ :  उत्तर प्रदेश के मेरठ में सामने आए सनसनीखेज हत्याकांड ने हर किसी को हैरान कर दिया है। पुलिस जांच में दावा किया गया है कि पत्नी दामिनी ने अपने प्रेमी तुषार के साथ मिलकर पति अतुल की हत्या की साजिश रची और देश के सबसे जहरीले सांपों में शामिल करैत के जरिए वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, हत्या की योजना करीब चार महीने पहले तैयार की गई थी और इससे पहले भी अतुल को मारने के दो प्रयास किए गए थे।

जांच में सामने आया है कि दामिनी और तुषार पिछले कई महीनों से अतुल की हत्या की योजना बना रहे थे। पुलिस के मुताबिक, पहली बार अतुल को नशीली गोलियां खिलाकर मारने की कोशिश की गई थी। बताया जा रहा है कि तुषार ने दवा लाकर दी थी, जिसे खाने में मिलाकर अतुल को दिया गया। इसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। हालांकि डॉक्टरों के प्रयासों से उसकी जान बच गई थी।

इसके बाद भी हत्या की साजिश नहीं रुकी। पुलिस के अनुसार, करीब 20 दिन पहले हस्तिनापुर क्षेत्र में तुषार ने कार से टक्कर मारकर अतुल की हत्या करने का प्रयास किया था। हादसे के दौरान अतुल ने हेलमेट पहना हुआ था, जिसके कारण उसकी जान बच गई। इस घटना के बाद भी आरोपियों ने अपनी योजना नहीं बदली।

पुलिस जांच के मुताबिक, गुरुवार रात तीसरी बार हत्या की कोशिश की गई और इस बार आरोपी अपने मकसद में कामयाब हो गए। आरोप है कि दामिनी और तुषार ने जहरीले करैत सांप के जरिए अतुल को डसवाकर उसकी हत्या कर दी। करैत सांप का जहर बेहद खतरनाक माना जाता है और इसके काटने से समय पर इलाज न मिलने पर व्यक्ति की मौत हो सकती है।

पुलिस के अनुसार, दामिनी और तुषार के बीच करीब एक साल पहले प्रेम संबंध शुरू हुआ था। बताया जा रहा है कि तुषार उसी स्कूल की वैन चलाता था, जहां दामिनी से उसकी मुलाकात हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और कथित तौर पर उन्होंने अतुल को रास्ते से हटाने की योजना बना ली।

जांच में यह भी सामने आया है कि अतुल और दामिनी पहले गांव में रहते थे। कुछ समय बाद दामिनी ने किसी ज्योतिषी का हवाला देते हुए अतुल से गांव का मकान छोड़कर दूसरी जगह रहने की बात कही। इसके बाद दोनों हस्तिनापुर में रहने लगे। पुलिस का मानना है कि यह कदम भी साजिश का हिस्सा हो सकता है।

फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि जहरीला सांप कहां से लाया गया और हत्या की पूरी योजना किस तरह तैयार की गई। इस सनसनीखेज मामले ने क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना दिया है।

Tags:    

Similar News