Meerut: लोहियानगर की गंदगी पर सपा का मोर्चा, जिलाध्यक्ष ने दिया आंदोलन का संकेत
लोहियानगर से कूड़ा न हटाने पर दिया आंदोलन का ऐलान
मेरठ: शहर के लोहियानगर हापुड़ रोड पर बने कूड़े के पहाड़ को हटाने की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। Meerut: लोहियानगर की गंदगी पर सपा का मोर्चा, जिलाध्यक्ष ने दिया आंदोलन का संकेत
मंगलवार को प्रतीकात्मक विरोध के तहत खुद रिक्शा चलाते हुए सपाइयों के साथ कलक्ट्रेट पहुंचे और नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर लोहियानगर से कूड़े का पहाड़ जल्द नहीं हटाया गया, तो वे जनहित में बड़ा आंदोलन छेड़ेंगे।
प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने जिला प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा, जिसमें मेरठ शहर की प्रमुख जनसमस्याओं को विस्तार से उठाया गया। उन्होंने बताया कि हापुड़ रोड पर बने इंटर कॉलेज के पास जमा कूड़े का पहाड़ वहां पढ़ने वाले छात्रों व स्थानीय निवासियों के लिए गंभीर स्वास्थ्य खतरा बन चुका है। आसपास संक्रमण फैलने की आशंका है।
सपा नेताओं ने यह भी कहा कि पुराने कमेले के पास भी कूड़े का पहाड़ मौजूद है। इसके अलावा नगर निगम क्षेत्र में साफ-सफाई की स्थिति पूरी तरह चरमरा चुकी है। स्ट्रीट लाइटें बंद हैं, नाले-नालियां कूड़े से भरी पड़ी हैं और वार्ड 5 के शिवलोकपुरी, गोविंदपुरी और कंकरखेड़ा में बीते 10 महीनों से नाली-सड़क निर्माण रुका हुआ है, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन में जिला कोषाध्यक्ष व कार्यालय प्रभारी निरंजन सिंह, गौरव गुर्जर काजीपुर, अबरार अंसारी, मुशीर खान, अहतेशाम इलाही, पवन यादव, मुकेश सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। सपा ने साफ कहा है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।