6 दिसंबर को लेकर मथुरा में हाई अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने भारी फोर्स के साथ किया फ्लैग मार्च

Update: 2025-12-03 16:49 GMT
Uttar Pradesh उत्तर प्रदेश: मथुरा जिले में अयोध्या में हुए विवादित ढांचा विध्वंस की बरसी 6 दिसंबर को होने के चलते प्रशासन और पुलिस पूरी तरह हाई अलर्ट पर हैं। शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से बुधवार को जिला मजिस्ट्रेट और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने शहर के संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। मथुरा में सबसे अधिक सुरक्षा श्रीकृष्ण जन्मभूमि और शाही ईदगाह मस्जिद परिसर में की जा रही है। इसके अलावा पुलिस ने शहर के भीड़भाड़ वाले बाजारों और प्रमुख संवेदनशील स्थलों में भारी फोर्स तैनात किया है। सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए पूरे जिले को अलग-अलग जोन और सेक्टर में बांटा गया है।
सुरक्षा व्यवस्था में आरएएफ, पीएसी और स्थानीय पुलिस के साथ-साथ पड़ोसी जिलों से भी अतिरिक्त फोर्स बुलाया गया है। संवेदनशील स्थलों पर ड्रोन कैमरा और सीसीटीवी के माध्यम से चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है। मथुरा एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि फ्लैग मार्च का उद्देश्य आम जनता में सुरक्षा का भरोसा पैदा करना और किसी भी असामाजिक तत्व को चेतावनी देना है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कोई भी व्यक्ति या संगठन कानून अपने हाथ में नहीं ले सकता। माहौल बिगाड़ने वाले पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने सोशल मीडिया पर भी निगरानी तेज कर दी है और भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। शहर के महत्वपूर्ण स्थानों पर बैरियर लगाकर आवाजाही नियंत्रित की जा रही है और संदिग्धों से गहन पूछताछ की जा रही है।
उत्तर प्रदेश में हर साल विवादित ढांचा विध्वंस की बरसी के अवसर पर पूरे राज्य को अलर्ट पर रखा जाता है। विशेषकर अयोध्या और मथुरा में पुलिस चप्पे-चप्पे पर तैनात रहती है। इस साल भी पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के उच्च स्तर के इंतजाम किए हैं। इतिहास की बात करें तो 6 दिसंबर 1992 को अयोध्या में विवादित ढांचा ध्वस्त किया गया था, जिसके लिए देशभर से लाखों कारसेवक अयोध्या पहुंचे थे। उस दिन की बरसी पर सुरक्षा को लेकर पुलिस हमेशा सतर्क रहती है।
मथुरा के साथ ही संभल जिले में भी प्रशासन अलर्ट मोड में है। संभल जिला एसपी कृष्णा कुमार बिश्नोई ने बताया कि जिले में 6 दिसंबर को विशेष सुरक्षा के लिए आरएएफ की एक कंपनी, पीएसी की 9 कंपनियां और अतिरिक्त आरआरएफ कर्मियों को तैनात किया गया है। संभल जिला पूरी तरह तैयार है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मथुरा पुलिस का कहना है कि इस बरसी के अवसर पर शहर और जिले के सभी संवेदनशील इलाकों में सख्त निगरानी रखी जाएगी और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन का पूरा ध्यान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी असामाजिक गतिविधि को रोकने पर केंद्रित है।
Tags:    

Similar News