Mathura मथुरा : पुलिस ने बताया कि रविवार सुबह हाईवे थाना क्षेत्र में पुराने परिवहन कार्यालय के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दम्पति की मौत हो गई।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) राजीव कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन ने पुराने सहायक क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (एआरटीओ) के पास दम्पति को कुचल दिया। मृतकों की पहचान मथुरा जिले के महावन थाना क्षेत्र के गांव किशनपुर निवासी हरिश्चंद्र (52) और उनकी पत्नी ममता (50) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि हरिश्चंद्र अपनी पत्नी को चेकअप के लिए अटल चौक पर एक डॉक्टर के पास ले जा रहे थे। सिंह ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।