लखनऊ: रक्षाबंधन के त्योहार से पहले उत्तर प्रदेश में मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने बड़ा अभियान शुरू किया है। लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाए जा रहे इस विशेष अभियान में अब तक 18 एफआईआर दर्ज की गई हैं, 182 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए हैं और करीब 46 लाख रुपये से अधिक की खाद्य सामग्री जब्त व नष्ट कराई गई है। त्योहारी सीजन में खासतौर पर दूध, खोया, पनीर, घी और मिठाइयों की मांग बढ़ जाती है। इसी का फायदा उठाकर कुछ लोग मिलावट कर लोगों की सेहत से खिलवाड़ करते हैं। ऐसे कारोबारियों पर शिकंजा कसने के लिए FSDA की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

16 से ज्यादा जिलों में चला अभियान
FSDA की कार्रवाई प्रदेश के कई जिलों में की गई है। इसमें कानपुर नगर, कानपुर देहात, लखनऊ, मुजफ्फरनगर, मेरठ, कासगंज, अलीगढ़, बागपत, प्रयागराज, गाजियाबाद, आगरा, हापुड़, संत कबीर नगर, फिरोजाबाद, बदायूं, संभल और मथुरा जैसे जिले शामिल हैं। अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों के प्रतिष्ठानों की जांच की और संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे। जहां खाद्य सामग्री असुरक्षित या खराब स्थिति में मिली, उसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
खोया पनीर और घी पर विशेष नजर
त्योहारों को देखते हुए FSDA ने सबसे ज्यादा निगरानी दूध से बने उत्पादों पर रखी है। कानपुर में खोया मंडियों की जांच के दौरान कई जगहों पर गंदगी और खराब रखरखाव मिलने पर कार्रवाई की गई। कई किलो खोया नष्ट कराया गया और नमूने जांच के लिए भेजे गए। वहीं बदायूं में वाहन जांच के दौरान बड़ी मात्रा में संदिग्ध देशी घी पकड़ा गया। मथुरा में पनीर बनाने में संदिग्ध रसायनों के इस्तेमाल के मामले सामने आने पर एफआईआर दर्ज की गई।
नकली सामग्री बनाने वालों पर सख्ती
FSDA की कार्रवाई सिर्फ तैयार खाद्य पदार्थों तक सीमित नहीं रही, बल्कि मिलावट में इस्तेमाल होने वाली सामग्री पर भी नजर रखी गई। जांच के दौरान रिफाइंड तेल, वनस्पति, सिंथेटिक रंग, स्किम्ड मिल्क पाउडर और संदिग्ध रसायन भी जब्त किए गए। लखनऊ में एक मिठाई प्रतिष्ठान पर कार्रवाई के दौरान खाद्य सामग्री जब्त की गई और अस्वच्छ परिस्थितियों के कारण कारोबार बंद कराया गया।
लाखों की सामग्री हुई जब्त और नष्ट
अभियान के दौरान करीब 13,440 किलोग्राम से अधिक और 14,561 लीटर खाद्य सामग्री जब्त की गई। वहीं 18,607 किलोग्राम और 7,630 लीटर असुरक्षित या अस्वच्छ खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 26 लाख रुपये और नष्ट सामग्री की कीमत करीब 27 लाख रुपये बताई गई है।
त्योहारों में बढ़ाई जाएगी निगरानी
FSDA अधिकारियों का कहना है कि रक्षाबंधन और अन्य त्योहारों के दौरान मिलावट रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग की टीमें बाजारों, मिठाई दुकानों, डेयरी प्रतिष्ठानों और खाद्य सामग्री की सप्लाई पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन का साफ संदेश है कि लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले कारोबारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Tags: