लखनऊ। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों को बड़ी राष्ट्रीय उपलब्धि हासिल हुई है। केंद्र सरकार की ओर से जारी सूची के अनुसार उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा के कुल 93 अधिकारियों और कर्मचारियों को वीरता तथा उल्लेखनीय सेवा के लिए पदक प्रदान किए जाएंगे। इनमें 12 वीरता पदक, छह विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक और 75 सराहनीय सेवा पदक शामिल हैं।
सम्मान पाने वालों में उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स के शहीद निरीक्षक सुनील कुमार भी शामिल हैं। उन्हें मरणोपरांत वीरता पदक प्रदान किया जाएगा। सुनील कुमार शामली जिले में अपराधियों के साथ हुई मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से शहीद हो गए थे। इस अभियान में उन्होंने जान की परवाह किए बिना टीम का नेतृत्व करते हुए बहादुरी का परिचय दिया था।
यूपी एसटीएफ के सात अधिकारियों और जवानों को वीरता पदक तथा वीरता पदक पर प्रथम बार प्रदान किया जाने वाला बार मिला है। इनमें मेरठ एसटीएफ फील्ड यूनिट के अपर पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार सिंह, मुख्य आरक्षी दीपक कुमार, मुख्य आरक्षी संजय सिंह, शहीद निरीक्षक सुनील कुमार और मुख्य आरक्षी दीपक शामिल हैं। नोएडा फील्ड यूनिट के उपनिरीक्षक अक्षय परवीर कुमार त्यागी और मुख्य आरक्षी सुनील कुमार को भी सम्मानित किया जाएगा।
उपनिरीक्षक अक्षय परवीर कुमार त्यागी और मुख्य आरक्षी सुनील कुमार को ‘फर्स्ट बार टू गैलेंट्री मेडल’ प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान उन पुलिसकर्मियों को दिया जाता है, जिन्हें पहले भी वीरता पदक मिल चुका हो और जिन्होंने दोबारा साहस का परिचय दिया हो। एसटीएफ के मुख्य आरक्षी दीपक को भी प्रथम बार टू वीरता पदक दिए जाने की घोषणा की गई है।
उत्तर प्रदेश पुलिस के वीरता पदक विजेताओं में आईपीएस अधिकारी मुनिराज जी और अपर पुलिस अधीक्षक सत्यजीत गुप्ता के नाम भी शामिल हैं। ये पदक जीवन और संपत्ति की रक्षा, अपराध रोकने तथा अपराधियों की गिरफ्तारी के दौरान असाधारण साहस दिखाने वाले कर्मियों को दिए जाते हैं। सम्मान के लिए अधिकारी द्वारा उठाए गए जोखिम और परिस्थितियों का भी आकलन किया जाता है।
विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक पाने वाले उत्तर प्रदेश के छह अधिकारियों में पुलिस महानिदेशक ध्रुवकांत ठाकुर, अपर पुलिस महानिदेशक पद्मजा चौहान, अपर पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार, सहायक कमांडेंट देव नारायण यादव, सहायक कमांडेंट अजय कुमार त्रिपाठी और पुलिस उपाधीक्षक विकास श्रीवास्तव शामिल हैं। यह पदक सेवा के दौरान विशेष रूप से उल्लेखनीय और विशिष्ट रिकॉर्ड के आधार पर दिया जाता है।
सराहनीय सेवा पदक के लिए चयनित 75 अधिकारियों और कर्मचारियों में अपर पुलिस महानिदेशक राम कुमार, पुलिस उप महानिरीक्षक सुनीता सिंह, पुलिस अधीक्षक दया राम, पुलिस उपायुक्त दिनेश त्रिपाठी, कमांडेंट नरेंद्र कुमार सिंह और पुलिस उपायुक्त रवि शंकर निम प्रमुख हैं। इनके अलावा पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार पांडेय, अपर पुलिस अधीक्षक बालरामाचारी दुबे, पुलिस अधीक्षक अमृता मिश्रा, उप कमांडेंट अशोक कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक आशुतोष शुक्ला और अपर पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत को भी पदक मिलेगा।
सूची में अपर पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह और शशि शेखर सिंह, पुलिस उपाधीक्षक रमेश चंद्र राजपूत, पीतम पाल सिंह तथा विजयमल सिंह यादव के नाम भी शामिल हैं। निरीक्षक, उपनिरीक्षक, सशस्त्र पुलिस उपनिरीक्षक, मुख्य आरक्षी, कंपनी कमांडर और प्लाटून कमांडर स्तर के अनेक कर्मचारियों को भी कर्तव्य के प्रति निष्ठा और मूल्यवान सेवा के लिए चुना गया है।
केंद्रीय गृह मंत्रालय की आधिकारिक राज्यवार सूची में उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए 12 वीरता पदक, छह विशिष्ट सेवा पदक और 75 सराहनीय सेवा पदक दर्ज हैं। इस तरह पुलिस सेवा श्रेणी में उत्तर प्रदेश को कुल 93 पदक मिले हैं। इसके अतिरिक्त प्रदेश की अग्निशमन सेवा के 16 कर्मियों को वीरता पदक, एक को विशिष्ट सेवा पदक और चार को सराहनीय सेवा पदक देने की घोषणा हुई है।
Tags: