मथुरा में बड़ा हादसा, बस की टक्कर से मची चीख-पुकार

Update: 2026-08-01 14:30 GMT

मथुरा जिले: मांट थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। वृंदावन रोड पर बिजली घर के पास छात्राओं को लेकर जा रही एक स्कूली बस अनियंत्रित होकर सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में बस में सवार तीन छात्राएं घायल हो गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और छात्राओं की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।

जानकारी के अनुसार, वृंदावन स्थित हनुमान प्रसाद धानुका स्कूल की बस शनिवार सुबह बच्चों को लेकर जा रही थी। बस में करीब डेढ़ दर्जन छात्राएं सवार थीं। जैसे ही बस मांट थाना क्षेत्र के वृंदावन रोड पर बिजली घर के समीप पहुंची, तभी सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से उसकी टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी तेज थी कि बस के चालक साइड के कुछ शीशे टूट गए। शीशे के टुकड़े लगने से तीन छात्राएं घायल हो गईं। घायल छात्राओं की पहचान चेतना सिंह, सविता सिंह निवासी जावरा और गोरई निवासी यति के रूप में हुई है।

हादसे के बाद बस में मौजूद छात्राओं में डर का माहौल बन गया। अचानक हुई टक्कर से कई छात्राएं घबरा गईं। आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घायल छात्राओं को बाहर निकालकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मांट पहुंचाया।

सीएचसी में डॉक्टरों ने घायल छात्राओं का प्राथमिक उपचार किया। इलाज के बाद उनकी हालत सामान्य बताई गई और तीनों छात्राओं को छुट्टी दे दी गई। हादसे की जानकारी मिलते ही छात्राओं के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए और बच्चों का हाल जाना।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कूली बस को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया है। वहीं ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।

मांट थाना प्रभारी उमेश कुमार यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में स्कूली बस चालक की लापरवाही सामने आई है। जांच में पता चला है कि बस चालक तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल वाहनों की रफ्तार और चालकों की लापरवाही पर लगातार निगरानी की जरूरत है, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। अभिभावकों ने भी स्कूल प्रशासन से वाहनों की नियमित जांच और चालकों की जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।

फिलहाल हादसे में घायल तीनों छात्राएं सुरक्षित हैं। पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश जारी है।

Tags:    

Similar News