Lucknow: अनियंत्रित एसयूवी डिवाइडर पर चढ़ी, दो की मौत
दो अन्य गंभीर रूप से घायल
लखनऊ: हसनगंज चौराहे पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार एसयूवी का टायर फटने से वाहन अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर पर सो रहे चार लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हसनगंज इंस्पेक्टर डी.के. सिंह के अनुसार, रात करीब 1 बजे नदवा कॉलेज रोड पर डिवाइडर पर चार लोग सो रहे थे। उसी समय, एक तेज रफ्तार एसयूवी का टायर फट गया, जिससे वाहन बेकाबू होकर डिवाइडर पर चढ़ गया और सो रहे लोगों को कुचल दिया। इसके बाद गाड़ी खंभे से टकराकर रुक गई।
मौके पर मची अफरा-तफरी
हादसा होते ही आसपास के लोगों में चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
ड्राइवर मौके से फरार, पुलिस पहचान में जुटी
हादसे के बाद एसयूवी चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। पुलिस पहचान और आरोपी की तलाश में जुटी है। हादसे के शिकार लोगों के पास कोई पहचान पत्र नहीं मिला, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों की तलाश कर रही है।