Lucknow: पहली महिला हज फ्लाइट लखनऊ से उड़ान भरेगी

Update: 2025-10-01 07:05 GMT

लखनऊ: उत्तर प्रदेश से इस साल की हज यात्रा एक ऐतिहासिक शुरुआत करने जा रही है। राज्य से रवाना होने वाली पहली हज फ्लाइट पूरी तरह महिला यात्रियों के लिए विशेष रूप से आरक्षित की गई है। इस फ्लाइट में गैर महरम कैटेगरी की 63 महिलाएं शामिल होंगी। गैर महरम का अर्थ है वे महिलाएं जो बिना किसी पुरुष अभिभावक के यात्रा कर रही हैं।

राज्य हज कमेटी ने हज कमेटी ऑफ इंडिया से आग्रह किया था कि पहली फ्लाइट से महिला यात्रियों को भेजा जाए। इस प्रस्ताव को मंजूरी भी मिल चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि यह फैसला समाज में महिलाओं की भागीदारी और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने की दिशा में अहम कदम है।

इस साल उत्तर प्रदेश से कुल 17,226 यात्री हज पर जाएंगे। इनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हैं। महिला यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए प्रशासन ने विशेष इंतज़ाम किए हैं। एयरपोर्ट प्रशासन, हज कमेटी और एयरलाइंस के अधिकारी लगातार बैठकें कर रहे हैं। यात्रियों के स्वास्थ्य, खानपान और सुरक्षा को लेकर विस्तृत व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

पिछले कुछ वर्षों से बिना महरम के महिलाओं को हज यात्रा की अनुमति दी गई थी। अब उत्तर प्रदेश ने इसे और सशक्त रूप से लागू कर महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया है।

Tags:    

Similar News